उत्तर-पश्चिम रेलवे ने अजमेर मंडल के अजमेर-पालनपुर खंड पर ट्रेनों की रफ्तार को 20 किलोमीटर प्रति घंटा बढ़ा दिया है। ऐसे में ट्रेक पर पशुओं की आवाजाही रोकने के लिए स्थाई फेंसिंग लगाने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। इससे ट्रेनों का सुरक्षित व सुगम संचालन हो सकेगा।
उत्तर-पश्चिम रेलवे, अजमेर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सुनील कुमार महला के अनुसार अजमेर-पालनपुर रेलमार्ग पर ट्रेनों की रफ्तार 110 से बढ़ाकर 130 किलोमीटर प्रतिघंटा कर दी गई है। अब पशुओं की रेलवे ट्रेक पर आने की रोकथाम के लिए रेल प्रशासन ने स्थाई फेंसिंग लगाने का निर्णय लिया है जिससे इस मार्ग पर ट्रेनों की गति भविष्य में 160 किलोमीटर प्रतिघंटा की जा सके।
इस कार्य के लिए अब तक कुल 150 करोड़ रुपये का टेंडर किया गया है। इसके अंतर्गत कुल 220 किलोमीटर लंबाई में स्थायी फेंसिंग लगाने का काम किया जाना है| वरिष्ठ मंडल इंजीनियर बिपिन सिंह द्वारा लगातार इस कार्य की मॉनिटरिंग की जा रही है। अजमेर-पालनपुर खंड पर बांगरग्राम से पालनपुर तक प्रीकास्ट आरसीसी पैनल दीवारें, वेल्डेड मेश फेंसिंग, क्रैश बैरियर फेंसिंग, रेल स्लीपर की फेंसिंग की जाएगी। टेंडर आवंटित किए जाने के बाद इस मार्ग पर स्थाई फेंसिंग का काम तेज गति से किया जा रहा है।
गौरतलब है कि इस खंड पर आए दिन आवारा पशु ट्रेक आकर दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं, जिससे न सिर्फ पशुधन की हानि होती है अपितु ट्रेन के पटरी से उतरने की संभावना भी रहती है और ट्रेन संचालन में बाधा उत्पन्न होती है। पशुओं व आमजन का बहुमूल्य जीवन बचाने और निर्बाध रेल संचालन हेतु किए जा रहे इस कार्य से सभी को लाभ होगा।