बारिश के मौसम में मौसमी बीमारियों की वर्तमान स्थिति, रोकथाम एवं नियंत्रण को लेकर चिकित्सा विभाग द्वारा की गई तैयारियों के संबंध में संभागीय आयुक्त डॉ. प्रतिभा सिंह की अध्यक्षता में संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन हुआ।
बैठक में मौसमी बीमारियों की वर्तमान स्थिति, रोकथाम एवं नियंत्रण तथा बाढ़ की स्थिति में आवश्यक चिकित्सा सुविधा के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई तथा आवश्यक निर्देश दिए गए। संभागीय आयुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से बैठक में जिलेवार मौसमी बीमारियों एवं बाढ़ संभावित क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधा की तैयारियो कि प्रगति रिपोर्ट जानी तथा आवश्यक निर्देश दिए।
संभाग के चारों जिलों के चिकित्सा अधिकारियों ने बताया कि पाली संभाग में डेंगू की स्थिति नियंत्रण में है। स्वाइन फ्लू एवं चिकनगुनिया की स्थिति संभाग में नियंत्रित है, इसके बाद भी चिकित्सा अधिकारियों को इस संबंध में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। संभागीय आयुक्त ने समस्त चिकित्सा अधिकारियों को मलेरिया एवं डेंगू पॉजीटिव क्षेत्रों में समय-समय पर फोगिंग स्प्रे करवाने के निर्देश दिए।
संभाग में नियमित रूप से डोर-टू-डोर सर्वे किए जाने तथा बुखार के मरीज की तुरंत ब्लड स्लाइड लेकर उसके उपचार के निर्देश दिए गए। संभागीय आयुक्त ने समस्त चिकित्सा अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मौसमी बीमारियों की रोकथाम के होर्डिंग्स और पोस्टर लगवाकर एवं पेम्पलेट वितरण कर व्यापक प्रचार-प्रसार करने को पाबंद किया। बारिश में बाढ़ राहत प्रबंधन के तहत पाली संभाग में बाढ़ राहत बाबद टीमों का गठन करने तथा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में अविलंब टीम भेजकर उपचार करने के आदेश दिए गए। साथ ही चारों जिलों के चिकित्सा अधिकारियों को बाढ़ की स्थिति में राहत प्रबंध के लिए 24 घंटे नियंत्रण कक्ष चालू रखने के निर्देश प्रदान किए गए।