सिरोही जिले के आबूरोड शहर में दो दिन पहले सीवरेज कार्य के दौरान मिट्टी धंसने से हुई दो मजदूरों की मौत की घटना के बाद जिम्मेदार अधिकारी अलर्ट मोड़ पर आ गए हैं।
रूडीफ की जयपुर से आई तकनीकी टीम द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण कर विभिन्न पहलुओं की जांच शुरू की गई है। साथ ही एलएनटी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। इसी प्रकार मृतक मजदूर के परिजन की रिपोर्ट पर कंपनी के खिलाफ लापरवाही पूर्वक कार्य करवाने का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि शहर के केसरगंज क्षेत्र में ब्रह्मपुरी कॉलोनी के पास सीवरेज कार्य के दौरान मिट्टी धंसने से बुधवार सुबह दो मजदूरों की मौत हो गई थी। दो अन्य मजदूर घायल हो गए थे। इस मामले में मृतक मजदूर के परिजन की रिपोर्ट के आधार पर शहर पुलिस थाने में कंपनी के खिलाफ लापरवाही पूर्वक कार्य करवाने का मामला दर्ज किया गया है। रूडीफ एईएन सुनील विश्नोई के अनुसार, विभाग की जयपुर से कमेटी ने मौके का निरीक्षण कर वहां पर हर पहलू की बारीकी से जांच की है। फिलहाल इस मामले में एलएनटी को नोटिस देकर जवाब मांगा गया है।
विभाग की जांच कमेटी की रिपोर्ट एवं एलएनटी का जवाब मिलने के बाद हर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। शहरवासियों का आरोप है कि अधिकांश क्षेत्रों में सीवरेज का कार्य सबलेट पर चल रहे हैं, जिसकी कोई मॉनिटरिंग नहीं हो रही है। विभिन्न क्षेत्रों में कई दिनों से कार्य अधूरे पड़े हैं तथा सड़कें टूटी पड़ी हैं। इससे आमजन परेशान हो रहा है।
प्रशासनिक स्तर पर की जाएगी सीवरेज कार्य की मॉनिटरिंग
आबूरोड एसडीएम वीरमाराम ने बताया कि घटना के एलएनटी एवं रूडीफ अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें हर कार्य स्थल पर सुरक्षा के समुचित प्रबंध करने के लिए पाबंद कर दिया गया है। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृति की रोकथाम के लिए प्रशासनिक स्तर पर भी मॉनिटरिंग की जाएगी। शहर पुलिस में मामला दर्ज हो चुका है तथा रूडीफ की तकनीकी टीम भी जांच कर रही है। ऐसे में इनकी रिपोर्ट के बाद जो भी बातें सामने आएंगी, उन पर भी कार्य किया जाएगा।