सिरोही में सरूपगंज पुलिस द्वारा करीब पांच महीने पूर्व चाकू से वार कर हत्या का प्रयास करने के मामले में वांछित आरोपी को खापा के जंगल से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी आला दर्जे का बदमाश है तथा वह 007 गैंग से संबंध रखता है।
पुलिस के अनुसार, सरूपगंज थानाधिकारी कमल सिंह के नेतृत्व में थाना स्तर पर गठित टीम द्वारा आरोपी के छिपने के संभावित स्थानों पर तलाश की। वह घटना के बाद फरार होकर अलग-अलग जगह फरारी काट रहा था। टीम द्वारा भरसक प्रयास करने पर आरोपी निचलाखापा, अमीरगढ, पुलिस थाना अमीरगढ, जिला बनासकांठा, गुजरात निवासी श्रवणभाई पुत्र कलाभाई गरासिया को खापा के जंगल से दस्तयाब कर गिरफ्तार किया गया।
यह था मामला
पुलिस के अनुसार, इस मामले में प्रार्थी द्वारा 21 अप्रैल 2024 की रात को करीब 8:30 बजे उसका बेटा शिवा व उसका साथी हरीराम सांतपुर से घर पर आने के लिए जैसे ही देवस्थान स्कूल सांगवाडा के पास पहुंचा। वहां पर पहले से पूर्व नियोजित तैयारी के साथ श्रवण पुत्र कलाजी गरासिया निवासी अमीरगढ खापा ने उसके बेटे को मोटर साइकिल को रोकने का इशारा किया तो उसका बेटा संतोष को पहले से ही जानने की वजह से मोटर साइकिल को रोक दी। इस पर उसके बेटे द्वारा मोटर साइकिल रोकते ही अप्रार्थी ने अपनी जेब से चाकू निकालकर उसके बेटे के साथ मारपीट की। उसके परिवार वाले वहां गए तो वहां उसका बेटा शिवा खून से लथपथ अवस्था में पड़ा था। उसे हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। उसके बेटे शिवा के साथ आरोपी द्वारा चाकू से जानलेवा हमला कर मारपीट की गई। इसके बाद पुलिस द्वारा विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
गुजरात सरपंच के साथ तलवार से हमला कर डकैती की वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने करीब पांच महीने पहले भी खुणीया गुजरात गांव के संरपच के साथ तलवार से हमला कर डकैती की थी। इसमें आरोपी को जेसी करवाया गया था। आरोपी आले दर्जे का बदमाश होकर 007 गैंग से संबंध रखता है, जो गुजरात में एक विशेष ग्रुप का नाम है। गुजरात से छुटते ही दस दिन बाद आरोपी द्वारा इस घटना को अंजाम दिया था। आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में मामले दर्ज हैं।