कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव नहीं रहे।
- फोटो : सोशल मीडिया
Raju Srivastava: कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव नहीं रहे। वह बीते 41 दिन से वेंटिलेटर पर मौत से जंग लड़ रहे थे। आज यानी बुधवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। इसके साथ हमेशा सबको हंसाने वाले राजू श्रीवास्तव लोगों को रोता हुआ छोड़कर दुनिया से अलविदा हो गए। राजू की मौत की खबर सामने आने के बाद से ही पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। हर कोई नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि दे रहा है।
हम यहां राजस्थान की राजधानी जयपुर से जुड़ा राजू श्रीवास्तव का एक मजेदार किस्सा बताएंगे। कॉमेडी के किंग कहे जाने वाले राजू श्रीवास्तव ने देश भर में कई शो किए। जयपुर में उन्होंने अपना आखिरी कार्यक्रम 13 दिसंबर 2021 को बिड़ला ऑडिटोरियम में किया था। सेलिब्रिटी इवनिंग में उन्होंने अपने खास अंदाज में लोगों को जमकर हंसाया और गुदगुदाया था। इस दौरान मीडियो से बात करते हुए राजू ने एक ऐसा किस्सा सुनाया जिसे सुनकर लोग हैरान भी रह गए और ठहाके भी लगाए।
मीडियो के एक सवाल पर राजू ने कहा था, बीते 30 साल से राजस्थान के अलग-अलग जिलों में शो कर रहा हूं। जयपुर में कई शो किए हैं। उन्होंने बताया था कि एक बार जयुपर में कार्यक्रम के लिए आया था, इस दौरान मैंने अपना जैकेट स्टेज के पीछे (बैकस्टेज) उतार दिया, लेकिन बाद में वह नहीं मिला।
इस घटना के दो साल बाद मुझे जयपुर में एक व्यक्ति मिला, उसने अपनी जैकेट पर हाथ लगाते हुए कहा- मुझे पहचाना क्या? मैं उस व्यक्ति को नहीं पहचानता था, इसलिए मैंने नहीं में ही जवाब दिया। तब उसने कहा, राजू जी दो साल पहले आप जयपुर आए थे और आपका जैकेट गायब हो गया था। मैंने जो जैकेट पहना है यह आपका ही है। यह मेरे लिए बहुत ही अनमोल था, इसलिए मैं इसे अपने साथ ले गया था।
बता दें कि 10 अगस्त को जिम में वर्कआउट दौरान राजू को दिल का दौरा पड़ा था। जिसके बाद उन्हें एम्स में भर्ती करवाया गया था। बीते 41 दिन से वेंटिलेटर पर मौत से जंग लड़ रहे थे। बुधवार को राजू श्रीवास्तव ने आज अपने प्राण त्याग दिए हैं। राजू श्रीवास्तव के मौत की खबर सामने आने के बाद से ही पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। हर कोई उन्हें अपने-अपने तरीके से श्रद्धांजलि दे रहा है।