Rajasthan News: राजस्थान के बाड़मेर जिले के कल्याणपुर थाना इलाके में 19 सितंबर को हुई दलित युवक की हत्या का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में एक हिस्ट्रीशीटर और मृतक के साथ लिवइन में रह रही महिला को गिरफ्तार किया है। एसपी दीपक भार्गव ने बताया कि हत्या के बाद परिजनों और समाज के लोगों ने विरोध शुरू कर दिया था। आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करते हुए उन्होंने मृतक का शव भी नहीं उठाने दिया था। सूचना पर पहुंचे जनप्रतिनिधियों और पुलिस के आला अधिकारियों ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को पीएम के लिए राजी किया था।
एसपी भार्गव ने बताया कि मामले में 38 साल के मृतक तगाराम के चाचा बाबूराम निवासी कल्याणपुर ने एक लिखित रिपोर्ट दी। अपनी शिकायत में उन्होंने बताया कि 19 सितंगगर की रात को उसका भतीजा घर नहीं आया। तलाश करने पर पता चला कि उसने अपने बैंक अकाउंट से 170000 रुपये निकाले थे। जिसकी जानकारी क्षेत्र के ही वगताराम कलबी को थी। वह उसका अपहरण कर सितली रोड पर ले गया। वहां वगता राम, उसकी पत्नी ममता और 1-2 अन्य लोगों ने रुपए छीन कर उसकी हत्या कर दी और शव सड़क पर फेंक दिया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए।
एसपी ने बताया कि मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटना में शामिल वगता राम पटेल पुत्र भीमाराम (40) निवासी कल्याणपुर और वगता राम के साथ लिव इन में रह रही ममता पत्नी नजीर खान (30) निवासी घडीई चारणान को गिरफ्तार किया। आरोपी कल्याणपुर थाने का हिस्ट्रीशीटर है। महिला आरोपी 2 साल से उसे साथ रह रही थी। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि शराब पार्टी के दौरान उनका तगाराम से विवाद को गया था। जिसके बाद दोनों ने मारपीट कर उसकी हत्या कर दी थी।