राजस्थान में दो हफ्ते तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान प्रदेश के अलग-अलग जिलों में बारिश हो सकती है। ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि उड़ीसा में बने एक मानसूनी सिस्टम का असर प्रदेश पर है। जिससे कोटा और उदयपुर संभाग में बारिश की संभावना जताई जा रही है।
बता दें कि मंगलवार को प्रदेश के जयपुर जिले के कई इलाकों में जोरदार बारिश हुई थी। इससे पहले भी प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश कई रिकॅार्ड तोड़ चुकी है। जोधपुर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और कोटा में भारी बारिश के कारण हालात भी बिगड़ चुके हैं। श्रीगंगानगर में सेना के बुलाना पड़ गया था।
प्रदेश में जुलाई महीने में ही औसत से अधिक बारिश हो गई थी, लेकिन बरसात का सिलसिला अगस्त में भी जारी है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और ओडीसा के तट के ऊपर एक लो प्रेशर एरिया बना हुआ था। वह अब डिप्रेशन सिस्टम में बदल गया है, जिसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिमी दिशा में बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
जिसके असर से पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कोटा और उदयपुर संभाग के जिलों के अलावा आसपास के इलाके में तेज बारिश हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के जिलों में भी हल्की बारिश की संभावना जताई जा रही है।