भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, कोटा की टीम ने शनिवार सुबह उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले की अफीम फैक्ट्री के महाप्रबंधक एवं आईआरएस अधिकारी डॉ.शशांक यादव की गाड़ी से मिठाई के डिब्बे में 15 लाख व पर्स में 1,32,410 रूपये सहित कुल 16.32 लाख रुपये जब्त किए। यादव के पास नीमच मध्यप्रदेश की अफीम फैक्ट्री का अतिरिक्त चार्ज भी है। वे नीमच से किसानों से वसूली कर गाजीपुर जा रहे थे लेकिन सूचना मिलने पर एसीबी, कोटा की टीम ने उनकी गाडी से राशि जब्त कर ली।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ठाकुर चंद्रशील कुमार ने बताया कि अफीम फैक्ट्री नीमच में राजस्थान व मध्यप्रदेश के लाइसेंस धारक अफीम काश्तकारों की अफीम जमा की जाती है। इन दिनों फैक्ट्री में अफीम के सैम्पलों की जांच की जा रही है। जिसके बाद काश्तकारों को भुगतान किया जाता है। इसी आधार पर नारकोटिक्स विभाग काश्तकारों को अफीम खेती के 6,10 व 12 आरी के पट्टे जारी करता है।
भारतीय रेवेन्यू सेवा के अधिकारी डॉ शशांक यादव द्वारा नीमच में कार्यरत कर्मचारी अजीत सिंह व दीपक यादव के मार्फत दलालों के जरिये अफीम की गाढता व मारफीन प्रतिशत ज्यादा बताकर 10 व 12 आरी के पट्टा दिलवाने के लिये प्रत्येक किसान से 60 से 80 हजार रू वसूली की जा रही थी। ये किसान कोटा, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ व झालावा जिले के थे। जो किसान रिश्वत नहीं देते उनकी अफीम में गाढ़ता व मारफीन प्रतिशत कम कर देते थे।
6 हजार किसानों से 30 करोड़ एडवांस वसूले
एसीबी को प्राप्त जानकारी के अनुसार, अफीम लैब के अजीत सिंह व कोडिंंग टीम के दीपक यादव दलाल के मार्फत 6 हजार से अधिक किसानों पट्टे दिलाने के नाम पर 30 से 36 करोड़ रूपये एडवांस वसूल चुके हैं। जबकि 40 हजार से अधिक किसानों की अफीम की जांच अभी बाकी है। शशांक यादव नीमच आये हुये थे और अपनी स्कार्पियों कार में 15 लाख रूपये से अधिक राशि मिठाई के डिब्बे में छिपाकर ले जा रहे थे।