टोंक में एक स्कूली छात्र को बेहोशी की दवा सुंघा कर अपहरण करने का मामला सामने आया है। बालक अपहरणकर्ताओं की चंगुल से निकलने में कामयाब हो गया और घर पहुंचकर परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। बेहोशी की दवा का असर होने के कारण बच्चे को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
जानकारी के अनुसार नैनसुख इलाके में रहने वाला राम माली स्कूल से घर आ रहा था। इस दौरान रास्ते में वैन में सवार तीन-चार बदमाशों ने पता पूछने के बहाने उसे बेहोशी की दवा सुंघाई और अगवा कर ले गए। कुछ दूर जाकर बच्चे को होश आया, इस दौरान गाड़ी में कोई नहीं था।
इसका फायदा उठाकर बच्चा वहां से निकलकर अपने घर पहुंचा। उसने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। बेहोशी की दवा का असर होने के कारण परिजनों ने उसे जनाना अस्पताल के शिशु वार्ड में भर्ती कराया है। सूचना पर अस्पताल पहुंची पुलिस ने बच्चे के बयान दर्ज कर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।