ऑनलाइन खेले जाने वाले गेम्स फ्री फायर पबजी ड्रैगन स्क्वायड व तीन पत्ती की एक नाबालिग को ऐसी लत लगी कि उसने अपने ही छोटे चचेरे भाई की हत्या कर दी और उसका शव जमीन में गाड़ दिया। इसके बाद इंस्टाग्राम की फेक आईडी बनाकर मृतक बच्चे के चाचा को मैसेज कर पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी। मामले का खुलासा कर लाडनूं थाना पुलिस ने हत्या के आरोपी नाबालिक को गिरफ्तार कर उसकी निशादेही पर नाबालिग का शव बरामद कर लिया।
नागौर एसपी अभिजीत सिंह ने बताया कि 9 दिसंबर को लाडनूं थाना क्षेत्र के रहने वाले एक व्यक्ति ने शिकायत की कि उसका 12 वर्षीय भतीजा अपनी मम्मी का फोन लेकर 8 दिसंबर की सुबह घर से निकला था, अभी तक घर नही पहुंचा। काफी तलाश करने के बाद भी उसका पता नहीं चला। मुकदमा दर्ज कर बालक की तलाश शुरू की गई।
एसपी ने बताया कि घटना के दूसरे दिन असम में रहने वाले गुमशुदा बालक के चाचा के पास इंस्टाग्राम पर एक मैसेज आया जिसमें 5 लाख की फिरौती मांगी गई। पुलिस को सूचना देने पर थानाधिकारी राजेंद्र सिंह ने बालक के चाचा को फिरौती मांगने वाले को बातों में उलझाए रखने के लिए कहा। इसी समय टीम ने इंस्टाग्राम आईडी की साइबर तकनीक से आईपी लोकेशन मालूम की तो वह अपहृत बालक के गांव की निकली।
सोशल मीडिया इंस्टाग्राम की आईडी घटना के समय ही जनरेट होने व आईपी लोकेशन अपह्रत बालक के गांव की होने से जांच में अपहरण व फिरौती की मांग करने में परिवार के ही बालक का नाम सामने आया। उसे डिटेन कर मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की गई तो पूरे मामले का खुलासा हुआ। पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि वह और उसका चचेरा भाई ऑनलाइन गेम फ्री फायर पबजी ड्रैगन स्क्वायर व तीन पत्ती खेला करते थे। इस गेम में ऑनलाइन पेमेंट टोकन के रूप में देना होता था। घटना के दिन वह अपने 12 वर्षीय भाई के साथ खेत पर गया था। ऑनलाइन पेमेंट को लेकर हुए झगड़े में उसने गला दबाकर उसे मार दिया फिर वहीं खाई में फेंककर उसके ऊपर मिट्टी डाल दी। ऑनलाइन गेम में पैसे लगाने में रिचार्ज की जरूरत होने पर उसने फिरौती मांगने का प्लान बनाया और फेक आईडी बनाकर उसके चाचा से 5 लाख की फिरौती मांगी।