राजस्थान के अजमेर जिले में एक बेकाबू ट्रक ने सीआरपीएफ जवान की बाइक में टक्कर मारकर तीन लोगों को रौंद दिया। इससे तीनों की मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। मृतक जवान की पहचान केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवान कुलदीप रावत के रूप में हुई है, जो छुट्टी पर अजमेर आए थे, इसके अलावा दो भाई योगेंद्र रावत और मुकेंद्र रावत भी थे।
पुलिस ने कहा कि दुर्घटना रविवार रात नसीराबाद-ब्यावर मार्ग पर एक सरकारी कॉलेज के पास हुई, जब पीड़ित भवानीखेड़ा गांव में घर लौट रहे थे और एक ट्रक ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्हें सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। नसीराबाद थाना प्रभारी राजेश मीणा ने बताया कि ट्रक के चालक को हिरासत में ले लिया गया है और पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।