बसपा अध्यक्ष मायावती ने राजस्थान में दलितों और आदिवासियों पर हो रहे अत्याचार पर कांग्रेस सरकार की ओर से सुरक्षा न दिए जाने का आरोप लगाया था। बसपा सुप्रीमो ने सरकार को बर्खास्त कर राष्ट्रपति शासन लगाए जाने की मांग की थी। जिसपर राज्य के आपदा प्रबंधन और राहत मंत्री गोविंद राम मेघवाल ने बसपा को भाजपा की 'बी' टीम करार दिया है।
गोविंदराम मेघवाल ने कहा कि दलितों का मायावती से मोहभंग हो गया है। उत्तर प्रदेश में भाजपा की जबरदस्त जीत में मायावती की प्रमुख भूमिका थी। वहीं पाली के जितेंद्र मेघवाल हत्याकांड पर राज्य के आपदा प्रबंधन और राहत मंत्री ने कहा कि इस घटना ने न केवल दलित समुदाय को बल्कि सामाजिक न्याय और कानून के शासन को चाहने वाले सभी लोगों को आहत किया है। मंत्री ने बताया कि पीड़ित जितेंद्र मेघवाल के घर का दौरा किया था। परिवार के सदस्यों को सांत्वना दी। उन्हें राज्य सरकार द्वारा 5 लाख रुपये का वित्तीय मुआवजा दिलवाया गया है। वहीं हत्याकांड के आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।
मायावती ने गहलोत सरकार को बताया था विफल
बसपा सुप्रीमो मायावती ने बुधवार को ट्वीट कर लिखा था कि 'राजस्थान कांग्रेस सरकार में दलितों और आदिवासियों पर अत्याचार की घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि हुई है। हाल ही में डीडवाना और धौलपुर में दलित युवतियों के साथ दुष्कर्म, अलवर में दलित युवक की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या और जोधपुर के पाली में दलित युवक की हत्या ने दलित समाज को झकझोर दिया है। इससे यह स्पष्ट है कि राजस्थान में खासकर दलितों और आदिवासियों की सुरक्षा करने में वहां की कांग्रेसी सरकार पूरी तरह से विफल रही है। अतः यह उचित होगा कि इस सरकार को बर्खास्त कर वहां राष्ट्रपति शासन लगाया जाए।'