जयपुर में सभा को संबोधित करते राहुल गांधी।
- फोटो : Amar Ujala Digital
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के साथ राजस्थान में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर विधानसभा चुनाव अभियान का प्रचार शुरू कर दिया है। इस दौरान कांग्रेस ने वादा किया कि केंद्र में यदि हमारी सरकार आती है तो तत्काल महिला आरक्षण लागू किया जाएगा।
राहुल गांधी ने जयपुर के कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में कहा कि केंद्र की मोदी सरकार देश का नाम बदलना चाहती थी। वह इंडिया का नाम बदलकर भारत करना चाहती थी, इसीलिए संसद का विशेष सत्र बुलाया गया था, लेकिन इसे रोककर महिला आरक्षण का बिल ले आए। तो पूरे विपक्ष ने महिला आरक्षण का समर्थन किया। हम तो ये चाहते हैं कि महिला आरक्षण आज से ही लागू हो, लेकिन भाजपा दस साल बाद इसे लागू करना चाहती है।
राहुल गांधी ने जातिगत जनगणना पर केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोला। राहुल बोले कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ओबीसी वर्ग को भागीदारी देना चाहते हैं, लेकिन जातिगत जनगणना से क्यों डर रहे हैं? राहुल गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा कि बीजेपी वाले वोट मांगने आएं तो पूछना कि केंद्र सरकार जातिगत जनगणना क्यों नहीं करवा रही है?