बीकानेर के पुलिस थानों में खेली गई होली
- फोटो : Amar Ujala Digital
होली के त्योहार पर पुलिस सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम बनाए में जुटी थी। ऐसे में शहर की शांति व्यवस्था की बागडोर संभालने के चलते पुलिस जवान शुक्रवार को होली नहीं खेल पाए थे। इसलिए बीकानेर में पुलिस जवानों ने अलग-अलग थानों में शनिवार को जमकर होली खेली।
सदर, कोटगेट, गंगाशहर सहित जिले के ग्रामीण इलाकों लूनकरणसर खाजूवाला, पूगल आदि पुलिस थानों में होली का आयोजन किया गया है। बैंड और डीजे की धुन पर पुलिसकर्मियों ने जमकर रंग, अबीर और गुलाल लगाकर, एक दूसरे को होली की बधाई दी। हर बार पुलिस लाइन में होने वाले बड़े आयोजन को इस बार शोभासर में हुई दो युवकों की हत्या के चलते रद्द कर दिया गया है।
आयोजन के रद्द होने से पुलिस अधिकारियों और जवानों में मायूसी दिखाई दी लेकिन जवानों के आग्रह पर होली के कार्यक्रम को थाना स्तर ही मनाने का निर्णय लिया गया। दोपहर बाद आयोजित हुए होली के इस कार्यक्रम में पुलिस कर्मियों ने एक दूसरे को गुलाल लगाया और होली की बधाई दी। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि होली अन्याय पर न्याय की जीत का पर्व है। हम सबने आज होली खेलकर एक दूसरे को रंग लगाया और शहर में आपसी भाईचारे की कामना की। इस दौरान पुलिसकर्मी ने डीजे की धुन मे थिरकते नजर आए।
टोंक में पुलिस जवानों के साथ थिरके पुलिस अधीक्षक
टोंक में भी पुलिस जवानों और अधिकारियों ने जमकर होली खेली। पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने भी अधिकारियों और जवानों का हौंसला बढ़ाया और थिरकने में कोई कसर नहीं छोड़ी। इस दौरान जिला कलेक्टर चिन्मयी गोपाल और अतिरिक्त जिला कलेक्टर मुरारी लाल शर्मा भी पुलिस लाइन पहुंचे, जहां कलेक्टर चिन्मयी गोपाल का महिला पुलिस कांस्टेबलों ने गुलाल का तिलक लगाकर कर स्वागत भी किया।
इस दौरान जिला कलेक्टर चिन्मयी गोपाल ने मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा कि पिछले कुछ दिनों से पुलिस अधिकारी और जवान बड़ी मेहनत के साथ ड्यूटी कर रहे हैं। आज इन सबका हौसला बढ़ाने का दिन है। इन्हें होली की ढेर सारी शुभकामनाएं। वहीं पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने भी होली की शुभकामनाएं देते हुए पुलिस अधिकारियों और जवानों की पीठ थपथपाई और कहा कि इन सभी ने लगातार ड्यूटी कर जिलेभर में शांतिपूर्ण होली संपन्न करवाई है।