जैसलमेर जिले के नोख में एक बुजुर्ग नखत सिंह पुत्र कुशल सिंह निवासी 55 आरडी खारा टावरीवाला ने अपने पड़ोसियों से परेशान होकर नोख थाने से मात्र 150 मीटर दूर स्थित झाड़ियों में कीटनाशक पीकर अपनी जान दे दी। स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों को इसकी सूचना मिलने पर उन्होंने बुजुर्ग को नोख अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया और शव को अस्पताल के मोर्चरी में रखवाया गया।
मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवा शव किया सुपुर्द
नोख अस्पताल में मेडिकल बोर्ड का गठन कर शव का पोस्टमार्टम करवाया गया और शव परिजनों को सुपुर्द किया गया है। इसके साथ ही परिजनों की ओर से दी गई रिपोर्ट और सुसाइट नोट के आधार पर 5 लोगों के खिलाफ धारा 306 के तहत मामला दर्ज किया गया। वहीं मृतक के पुत्र ने पुलिस पर सुनवाई नहीं करने के आरोप लगाते हुए कहा कि पिता नखतसिंह अपनी समस्या को लेकर पुलिस थाने गए थे। लेकिन पुलिस ने इस संबंध में कोई सुनवाई नहीं की। इससे परेशान होकर उन्होंने कीटनाशक पीकर आत्महत्या कर ली।
डिप्टी कैलाश विश्नोई को सौंपा ज्ञापन
मृतक नखतसिंह के बेटे चंद्रवीर सिंह और परिवारजनों ने पुलिस के डिप्टी एसपी कैलाश विश्नोई को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने ज्ञापन में बताया कि 12 मई को पड़ोसी मुरबे में रहने वाले खेतसिंह पुत्र भंवरसिंह, अभयसिंह पुत्र अमरसिंह, ओमसिंह, लक्ष्मणसिंह पुत्र अभयसिंह और अजयपाल सिंह पुत्र खेत सिंह पिछले लंबे समय से परेशान कर रहे हैं। रोज मारने की धमकियां दे रहे हैं। वहीं दोनों परिवार मुरबे पर रहने नहीं दे रहे हैं। इन परिवारों द्वारा मुरब्बे का खाला बंद कर सिंचाई का पानी बंद कर दिया गया। साथ ही घर तक आने का रास्ता भी बंद कर दिया। घर का लाइट कनेक्शन भी काट दिया। इसके कारण बुजुर्ग काफी परेशान था। आरोपियों के बार-बार परेशान करने पर नखत सिंह ने कीटनाशक पीकर पुलिस थाने के सामने झाड़ियों में आत्महत्या कर ली।
थाने में बुजुर्ग पहले कभी नहीं गए, न ही रिपोर्ट दी- पुलिस
इस मामले को लेकर पुलिस ने भी प्रेस नोट जारी कर नोख थाने में किसी भी प्रकार का परिवाद पेश नहीं करने की बात कही। पुलिस ने बताया कि शनिवार शाम करीब 5 बजे नोख थाने में सूचना मिली की चौराहे पर झाड़ियों में एक व्यक्ति पड़ा है। जिस पर नोख थानाधिकारी ने मौके पर पहुंचकर उसे सीएचसी नोख पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने नखत सिंह को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद उसकी पहचान कर परिजनों को सूचना दी गई। रात होने के बाद पोस्टमार्टम नहीं हो सका। रविवार सुबह मेडिकल टीम से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। इसके बाद मृतक के पुत्र की रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इसके अलावा मृतक द्वारा पहले किसी भी प्रकार का कोई परिवाद या रिपोर्ट पुलिस थाने में नहीं आया।
10 दिन पहले किया था कन्यादान
चंद्रवीर सिंह ने बताया कि हाल ही में 5 मई को उनकी बहन की शादी थी। पिता नखतसिंह ने बड़ी धूमधाम से बेटी को विदा किया था। बेटी की शादी को लेकर पिता नखतसिंह कोई भी तरह की कमी नहीं रखना चाहते थे। बड़े चाव के साथ ही उन्होंने अपनी बेटी को उसके घर के लिए रवाना किया। लेकिन किसको पता था कि उन्हें परेशान करने वाले उन्हें और परेशान करेंगे और तो और पुलिस भी उनकी सुनवाई नहीं करेगी। इन सबसे तंग आकर वे आत्महत्या कर लेंगे। नखतसिंह के घर पर दुखों का पहाड़ टूट गया है।