बूंदी नगर परिषद में उपजा विवाद अब सुर्खियों में आ चुका है। ये मामला इतना गंभीर हो गया है की राजस्थान की राजनीति के हाथ से निकल गया है। आरोपी पार्षद अपनी व्यथा को लेकर कांग्रेस आलाकमान के पास पहुंच गए हैं। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मिलकर बूंदी नगर परिषद में उपजे विवाद की जानकारी दी। इसके अलावा अडानी भूमि विवाद को भी उनके सामने रखा।
आरोपी पार्षदों ने कांग्रेस अध्यक्ष खरगे को कांग्रेस पार्षदों के विरुद्ध दर्ज किए गए केस और उनकी गिरफ्तारी के बारे में विस्तार से जानकारी दी। पार्षदों ने कहा कि बूंदी नगर परिषद के आयुक्त महावीर सिंह सिसोदिया के द्वारा की गई अभद्र टिप्पणी के बाद भी पार्षदों को ही आरोपी बनाया। जब वे मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मिलने जयपुर गए तो प्रशासनिक धड़े ने उन्हें वहीं गिरफ्तार कर लिया।
पार्षद देवराज गोचर, अंकित बुलीवाल के साथ दिल्ली गए अन्य पार्षदों ने इस पूरे मामले को कांग्रेस अध्यक्ष के सामने रखा है। उन्होंने पार्षदों को हर संभव मदद का भरोसा दिया और उचित कार्रवाई की मांग की है। इसके अलावा पार्षदों ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को नगर परिषद बूंदी की बेशकीमती जमीन औने-पौने दाम में अडानी को देने की महत्वपूर्ण फाइल भी सौंपी है।