एसीबी दौसा ने भौंरीलाल जांगिड़ पटवारी पटवार हल्का बगड़ी, तहसील लालसोट, जिला दौसा को परिवादी से सात हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार पटवारी जमीन का तकासमा करने के लिए रिश्वत मांग रहा था।
दौसा भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो दौसा इकाई को एक शिकायत मिली। शिकायत में बताया गया कि तकासमा करने के लिए आरोपी भौंरीलाल जांगिड़ पटवारी सात हजार 500 रुपये रिश्वत की मांग कर परेशान कर रहा है।
इस पर एसीबी जयपुर के उप महानिरीक्षक पुलिस कालूराम रावत के सुपरवीजन में ए.सी.बी. दौसा ने शिकायतकर्ता की शिकायत की पुष्टि करते हुए आरोपी पटवारी को ट्रैक करने का जाल बिछाया। उप अधीक्षक पुलिस नवल किशोर मीणा के नेतृत्व में टीम ट्रैप की कार्रवाई करते हुए आरोपी भौंरीलाल जांगिड़ पटवारी को परिवादी से 7 हजार रुपये रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों दबोच लिया।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव के सुपरवीजन में आरोपी से पूछताछ तथा कार्रवाई जारी है। एसीबी ने मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे के लिए जांच शुरू कर दी है।
भ्रष्टाचार से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत करें
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस डॉ. रवि प्रकाश मेहरड़ा ने समस्त प्रदेशवासियों से अपील की है कि भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टोल-फ्री हेल्पलाइन नं. 1064 और Whatsapp हेल्पलाइन नं. 94135-02834 पर 24x7 संपर्क कर भ्रष्टाचार के विरूद्ध अभियान में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। एसीबी आपके वैध कार्य को करवाने में पूरी मदद करेगी।