दौसा जिले की मंडावर थाना पुलिस ने सेक्सटोर्शन में लोगों को फंसाकर ठगी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चारों आरोपियों के पास से पुलिस ने करीब 3.90 लाख रुपये और एक एटीएम कार्ड बरामद किया है। पकड़े गए सभी आरोपी मंडावर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पिछले कई साल से सेक्सटोर्शन के जरिए लोगों को ठग रहे थे।
दौसा एसपी वंदिता राणा ने बताया कि मंडावर पुलिस ने वसीम अकरम पुत्र नब्बी खां (22), आसिफ पुत्र इलियास (19) शैकुल पुत्र अहमद खान (27), आरिफ पुत्र खुशी खा (27) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी लोगों को सेक्सुअल ब्लैकमेलिंग यानी सेक्सटॉर्शन कर फंसाते थे और फिर वीडियो रिकॉर्ड कर फेसबुक- व्हाट्सएप पर अश्लील वीडियो भेजते थे।
अपना अश्लील वीडियो देखकर लोग डर जाते थे। इसके बाद आरोपी ब्लैकमेल कर वसूली करने करते थे। वेबकैम, वीडियो कॉल के जरिए आरोपी लोगों को फंसाकर लाखों रुपए ऐंठ लेते थे। पीड़ित लोग भी डर के मारे पुलिस में शिकायत नहीं करते थे, जिससे आरोपी बच जाते थे।