राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत गुरुवार को उदयपुर स्थित मृतक कन्हैयालाल के घर पहुंचे, जहां उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर ढांढस बढ़ाया। सीएम ने कन्हैयालाल के परिवार को 51 लाख का चेक सौंपा। इस दौरान सीएम गहलोत ने मीडिया से बातचीत में कहा कि एनआईए एक महीने के अंदर इस केस में जल्दी सजा दिला दे।
उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि उदयपुर की घटना ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया। जिस तरीके से हत्या की गयी वो जघन्य अपराध है। हमने तत्काल, त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों हत्यारों को पकड़ लिया। एसओजी, एटीएस को केस दे दिया और रातभर में ही पता लगा लिया कि इस घटना का इंटरनेशनल संगठनों से संबंध है। इसका मतलब यह है कि आतंकवाद से संबंधित घटना है। यह कोई दो धर्मों के बीच के झगड़े की बात नहीं है। इस वजह से यूएपीए के तहत जो आतंकवादी गतिविधियां होती है, उसकी धाराएं लगाई गई है। राज्य सरकार ने त्वरित कार्रवाई की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उम्मीद है कि एनआईए भी त्वरित कार्रवाई करते हुए जितनी जल्दी हो सके, उतनी जल्दी इन्हें सजा दिलवाए। चालान पेश करें। पूरा देश चाहता है कि जल्द से जल्द न्याय मिले और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलवाई जाए। मैं उम्मीद करता हूं कि एनआईए भावनाओं को समझेंगे। केस को अंजाम तक पहुंचाएंगे।