चिल्ड्रन मनोरंजन बैंक के नोट से ट्रैक्टर का सौदा करने निकले ठग को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से 20 लाख पांच हजार 660 के चिल्ड्रन मनोरंजन बैंक (नकली) के नोट बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आलम मेव पुत्र दीनू निवासी गांव हुसेका थाना गोपालगढ़ के रूप में हुई है।
भरतपुर एसपी श्याम सिंह ने बताया कि मंगलवार को थाना कामा पुलिस को मुखबिर ने सूचना दी कि गांव बिलोंद और बिरार के बीच तीन व्यक्ति नकली रुपयों की गड्डी लेकर बैठे हुए हैं। यह लोग गांव के भोले भाले लोगों से किसी चीज को खरीदकर नकली नोट थमाकर भाग जाते हैं। सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रघुवीर सिंह एवं सीओ प्रदीप यादव के निर्देशन तथा थानाधिकारी दौलतराम के नेतृत्व में थाना कामा से विशेष टीम गठित की गई।
सूचना पर थाना कामा एएसआई हरिओम टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही बाइक पर बैठे तीन व्यक्ति भागने लगे। पुलिस जवानों ने पीछा कर एक ठग आलम मेव को पकड़ लिया। उसके पास से 2000 नोट की गड्डी में 851, 500 नोट की गड्डी में 402, 200 नोट की गड्डी में 500 और 10 के नोट की गड्डी में 266 कुल 20 लाख 5 हजार 660 नकली रुपए की 4 गड्डियां मिली। चारों गड्डियों का पहला और अंतिम नोट असली थे, बाकी सभी नोट चिल्ड्रन मनोरंजन बैंक के थे। आरोपी के पास से एक एंड्रॉयड फोन भी जब्त किया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी आलम मेव ने बताया कि उन्होंने गांव लालपुर थाना कामा निवासी वारिस खान से एक ट्रैक्टर का सौदा किया था। वह पैसा लेकर ट्रैक्टर लेने जा रहे थे। पुलिस ने आलम मेव पर केस दर्ज कर मामले की जाांच शुरू कर दी है। उसके फरार साथियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपी न अब तक इस तरह की कितनी वारदात को अंजाम दिया है। इस संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।