भरतपुर। मथुरा गेट थाना क्षेत्र स्थित मास्टर आदित्येंद्र राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में रविवार को नीट का पेपर देते हुए एक डमी छात्र को उसके पांच अन्य साथियों के साथ गिरफ्तार किया है। डमी छात्र करौली जिले का रहने वाला डॉ अभिषेक है।
वह दौसा जिले के सूरज कुमार गुर्जर के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। पुलिस ने अन्य पांच आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है, जो रुपये लेकर डमी छात्र से परीक्षा दिलवा रहे थे। आरोपी से परीक्षा देने का 10 लाख रुपये मैं सौदा हुआ था, जिसमें से एक लाख रुपये अग्रिम ले लिए थे। फिलहाल पुलिस सभी छह आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी है। परीक्षा केंद्र में आधार बायोमैट्रिक सत्यापन के दौरान आरोपी की पहचान हो सकी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अखिलेश ने बताया कि रविवार को शहर के मास्टर आदित्येंद्र राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में नीट के पेपर के दौरान एक डमी छात्र को परीक्षा देते हुए पकड़ लिया है। दौसा निवासी छात्र सूरज कुमार गुर्जर (20) के स्थान पर करौली निवासी डॉ. अभिषेक गुप्ता (23) परीक्षा दे रहा था। केंद्र अधीक्षक की सूचना पर आरोपी को पकड़ लिया गया।
परीक्षा केंद्र पर तैनात एएसआई शिवलाल ने डमी छात्र को पड़कर केंद्र पर ही उससे पूछताछ की। आरोपी ने बताया कि उसके साथ पांच अन्य लोग भी हैं। इसके बाद मथुरा गेट थाना प्रभारी समेत पुलिस बल परीक्षा केंद्र पर पहुंचा। परीक्षा खत्म होने के बाद केंद्र के बाहर से पुलिस ने डमी छात्र के अन्य पांच साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से कार भी बरामद की है। पुलिस केस दर्ज कर कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।
अजमेर से कर रहा एमबीबीएस
पुलिस पूछताछ में सामने आया की अभिषेक गुप्ता अजमेर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस का छात्र है। डॉ. अभिषेक एमबीबीएस के सातवें सेमिस्टर का छात्र है। पकड़े गए अन्य आरोपियों में दयाराम, डॉ अमित जाट, सूरज सिंह, रविकांत और राहुल गुर्जर शामिल हैं।
10 लाख में हुआ सौदा
पूछताछ में सामने आया है कि अभिषेक गुप्ता ने डमी छात्र के रूप में परीक्षा देने के लिए 10 लाख रुपये में सौदा किया था। इसमें से अभिषेक के पास एडवांस पहुंगिया था। आरोपियों में रविकांत मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी हुई है।
नीट परीक्षा हुई संपन्न
भरतपुर। देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा नेशनल इलेजिब्लिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (नीट-यूजी 2024) रविवार को संपन्न हुई। जिले में परीक्षा के लिए 9 केंद्र बनाए गए थे। इनमें 3 हजार 560 परीक्षार्थियों ने आवेदन किया था। इसमें 70 छात्र अनुपस्थित रहेे।
3 हजार 490 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। परीक्षा 2 बजे शुरू हुई और 5 बजकर 20 मिनट पर समाप्त हुई। परीक्षा के लिए परीक्षार्थियों को 11 बजे से केंद्र प्रवेश दिया गया। 1.30 बजे तक ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया। परीक्षा पेन एंड पेपर मोड़ पर हुई । इसमें परीक्षार्थी को परीक्षा के लिए पेन सेंटर पर ही दिया गया। परीक्षा सेंटर में प्रवेश से पूर्व गहन जांच की गई। संवाद