टोंक जिले के पुरानी टोंक थाना इलाके में सोमवार को एक बीड़ी पत्ता व्यापारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। व्यापारी के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है। जिसमें उसने अपने बिजनेस पार्टनर पर 10 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। अब मृतक का परिवार आरोपी पार्टनर की तुरंत गिरफ्तार की मांग कर रहा है।
रिपोर्टर की भेजी खबर के अनुसार सोमवार को व्यापारी का शव घर के पास टीन शेड के एंगल से लटका हुआ मिला। सूचना पर पहुंची पुरानी टोंक थाना पुलिस ने शव को नीचे उतारा और पीएम के लिए मोर्चरी भिजवाया। पुलिस को पास जमीन पर पड़ा हुआ एक सुसाइड नोट भी मिला है। जिसे जब्त कर लिया गया है।
इधर, मृतक के परिजनों ने व्यापारी के पार्टनर के खिलाफ रिपोर्ट देकर उसकी गिरफ्तारी की मांग की है। परिजनों का कहना है कि शव का पीएम तभी करवाएंगे जब आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। हालांकि, तीन घंटे की समझाइश के बाद परिजन पीएम के लिए तैयार हो गए। जिसके बाद शव का पीएम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस को मिले सुसाइड नोट में व्यापारी ने लिखा कि मैंने अपनी जमा पूंजी व्यापार में लगा दी, जिसके कारण मेरी आर्थिक हालत खराब हो गई है और परिवार के लालन-पालन में परेशानी हो रही है। मैं मजबूरी में सुसाइड कर रहा हूं। मुझे दफनाने से पहले आरोपी को गिरफ्तार किया जाए।
मृतक के छोटे भाई मोहम्मद अमान ने बताया कि मेरे बड़े भाई हमीद मोहम्मद ने पिछले साल अपने दोस्त हबीब निवासी बूंदी के साथ मिलकर बीड़ी पत्ते का कारोबार किया था। इसके लिए हमीद ने हबीब को 10 लाख रुपए दिए थे। कुछ समय बाद मेरे भाई हमीद ने उससे उधार दिए रुपए वापस मांगे, लेकिन उसने नहीं दिए। कई बार कहने के बाद भी उसने एक भी रुपया नहीं लौटाया।
इससे वह आर्थिक तंगी से परेशान चल रहा था। वह अपने घर के पास बने टीनशेड में सिलाई का काम भी करता था। सोमवार सुबह करीब 7 बजे वह वहां गया और फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के भाई अमान ने बताया कि उसके भाई की पहली पत्नी से एक लड़की है, उसकी शादी हो चुकी है। करीब दस साल पहले पहली पत्नी से तलाक के बाद उसने दूसरी शादी की थी। उनकी मौत के बाद उनकी पत्नी और उसके बच्चों के सामने संकट खड़ा हो गया है। पुलिस जल्द से जल्द कार्रवाई कर हमारा पैसा वापस दिलवाए।