युवती व छात्र की डूबने से मौत(सांकेतिक)
- फोटो : अमर उजाला
जालोर में दलित छात्र की मौत का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अजमेर में एक दलित छात्र की मौत हो गई। लगातार स्कूलों में बच्चों के साथ हो रही मारपीट की घटनाओं के बाद अब अजमेर के मसूदा में भी स्कूल के प्रिंसिपल द्वारा नाबालिग छात्र के साथ मारपीट और उसको धमकाने का मामला सामने आया है। मामले में भी छात्र के परिजनों ने टीचर पर आरोप लगाए हैं।
बता दें कि पुलिस वाले और परिवार के लोग दो दिन से उसे तलाश रहे थे। वहीं, शुक्रवार सुबह उसकी लाश बंद पड़ी खान में भरे बारिश के पानी में मिली। लाश के बारे में जब पुलिस को पता चला तो उन्होनें परिजनों को बताया। बच्चे की मौत की सूचना सुनकर परिजन बेकाबू हो गए और सीधे उस स्कूल में जा पहुंचे, जहां वह पढ़ रहा था। घबराए प्रिंसिपल ने स्कूल के बच्चों की छुट्टी कर दी और स्कूल बंद कर चले गए। बाद में पुलिस भी मौके पर पहुंची।
जांच पड़ताल कर रही अजमेर जिले की मसूदा पुलिस ने बताया, कस्बे में स्थित एक निजी स्कूल में पढ़ने वाला छात्र आर्यन दो दिन से लापता था। सात सितंबर को सुबह वह घर से स्कूल जाने के लिए निकला था। लेकिन स्कूल नहीं पहुंचा और न ही शाम तक घर लौटा। उसके परिजनों ने मिसिंग दर्ज कराई थी। पुलिस और परिवार वाले उसे तलाश रहे थे कि शुक्रवार सुबह मसूदा क्षेत्र में ही एक बंद पड़ी खान में उसका शव मिला। खान में बारिश का पानी भरा हुआ था। वहां से गुजर रहे किसी व्यक्ति ने इस बारे में पुलिस को सूचना दी थी।
उधर, परिजनों का आरोप है कि कुछ दिन पहले स्कूल के प्रिसिंपल के सामने ही एक छात्रा के अभिभावकों ने बच्चे को पीटा और धमकाया था, तभी से वह तनाव में था। किसे पता था कि वह जान दे देगा। आर्यन के शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। वहीं दूसरी ओर गुस्साए ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर दिया और विद्यालय के अंदर तोड़फोड़ शुरु कर दी। मौके पर पहुंचे ब्यावर सीईओ सुमित मेहरडा ग्रामीणों से समझाइश करते हुए नजर आए।