जयपुर में अब तक के सबसे बड़े ऑनलाइन सट्टा कारोबार का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने क्रिकेट मैच और अन्य खेलों पर सट्टा लगाते दो सटोरियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 4 लाख 31 हजार 750 रूपये बरामद किए गए हैं।
क्राइम ब्रांच के एएसआई द्वारका प्रसाद और हेड कांस्टेबल महिपाल को सट्टे की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस ने बजाज नगर इलाके के महावीर नगर में छापा मारा। पुलिस ने आरोपी अंकित जैन और अनिल यादव को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से नकद रूपये के अलावा तीन लैपटॉप और चार स्मार्टफोन बरामद किए गए हैं। साथ ही करोड़ों रुपये के सट्टे के हिसाब की पर्चियां भी मिली हैं। ऑनलाइन साइट्स के जरिए चलाया सट्टा चलाया जा रहा था।
पुलिस का कहना है कि यहां क्रिकेट मैच के अलावा फुटबॉल, टेनिस, लॉन टेनिस समेत विदेशी गेम्स पर भी सट्टा लगाया जा रहा था। आरोपी एप्लीकेशन के माध्यम से अलग-अलग अकाउंट बांट कर सट्टे का कारोबार चला रहे थे। चेन सिस्टम के जरिए इस कारोबार से सैंकड़ों लोग जुड़े हुए हैं। देश के बड़े राज्य राजस्थान, यूपी, दिल्ली, मुंबई, कोलकाता मद्रास समेत दुबई के नामी सटोरिए भी कारोबार में शामिल हैं।