जालोर के भीनमाल नगरपालिका के एक पंजीकृत ठेकेदार के किए कार्य की आरटीआई के आधार पर शिकायत कर सात लाख रुपए वसूलने का मामला सामने आया है। ठेकेदार ने चार लोगों पर आरटीआई सूचना मंगाकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है।
झूठे परिवाद दायर करवाने का आरोप
पीड़ित ठेकेदार ने बताया कि चारों आरोपियों ने आपस में पड्यंत्र रचकर मेरे द्वारा नगरपालिका में करवाए गए विभिन्न कार्य की बार-बार उम्मेदसिंह के नाम से और रफीक खां ने आरटीआई लगाकर मेरी झूठी शिकायतें की। इन आरोपियों ने आपस में षड्यंत्र रचकर उम्मेदसिंह के नाम से सूचना के अधिकार के तहत सूचना मांगी और उसकी अपील की। उम्मेदसिंह ने साल 2020 से लगातार दिनांक फरवरी 2022 तक सूचनाएं मांगी और झूठे ज्ञापन लिखे। इनके द्वारा उपखण्ड अधिकारी भीनमाल, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो जालोर, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो जयपुर, पुलिस अधीक्षक जालोर, उप निदेशक स्वायत्त शासन जोधपुर, डीडीआर जयपुर, पुलिस थाना भीनमाल, वाणिज्यिक कर विभाग भीनमाल में कई बार मेरे ठेकेदारी कार्य पर झूठे परिवाद पेश किए।
कार्य में बाधा आने पर मैं आरोपियों से मिला। आरोपियों ने राजीनामे के नाम पर मुझसे 7 लाख 51 हजार रुपये मांगे। मैंने जैसे तैसे करके पहले एक लाख और फिर दो लाख रुपये दिए। उसके बाद इन्होंने मेरी शिकायतें वापस ले ली। इसके बाद आरोपियों ने फिर से 8 लाख की मांग की, रुपए नहीं देने पर चारों आरोपियों ने फिर से आरटीआई लगाकर मेरी शिकायत कर दी। पुलिस ने चारो आरोपियों के खिलाफ धारा 384, 420 और 120 बी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।