थाना गुडामालानी इलाके पादरड़ी खुर्द निवासी युवक को अगवा कर मारपीट करने और अश्लील वीडियो बनाने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। साथ ही चार अन्य आरोपियों के खिलाफ नामजद केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
बाड़मेर एसपी दीपक भार्गव ने बताया कि पिछले साल 22 दिसंबर को थाना गुडामालानी क्षेत्र के पादरड़ी खुर्द गांव निवासी युवक दिनेश कुमार को गाड़ी पंचर होने का बहाना बनाकर चार-पांच अज्ञात व्यक्ति अगवा कर लिया था। इसके बाद उसे चिमडावास ले जाकर मारपीट की और अश्लील वीडियो बनाकर उसे छोड़कर भाग गए। 29 दिसंबर को युवक के पिता अर्जुन राम ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया था।
पुलिस ने मामले की जांच कर आरोपी रामजीवण उर्फ धोला राम विश्नोई को गिरफ्तार किया है। रामजीवण चोरी, लूट, अपहरण और झगड़ा करने का आदी है। आरोपी के खिलाफ पहले से कई मामले भी दर्ज हैं।
पूछताछ में उसने बताया कि उसे कांधी की ढाणी निवासी दिनेश गोदारा पुत्र जगराम विश्नोई ने दिनेश कुमार के साथ मारपीट करने की सुपारी दी थी। इसके बाद उसने अपने अन्य साथियों महिपाल उर्फ माही, दिनेश उर्फ शैतान और कमलेश जाट के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था।