लुधियाना पहुंचे डीजीपी गौरव यादव।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
जालंधर लोकसभा उपचुनाव, नशा तस्करों व समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ मंगलवार को पंजाब पुलिस की तरफ से सूबे के सभी जिलों में दो दिवसीय ऑपरेशन विजिल शुरू हुआ। इस दौरान पंजाब पुलिस मुख्यालय के सीनियर अधिकारी विभिन्न जिलों में पहुंचे हैं। उनकी अगुवाई में ही यह अभियान चल रहा है। इस दौरान वाहनों, रेलवे स्टेशनों व बस स्टैंडों की चेकिंग की गई जबकि सुबह पुलिस टीमें होटलों और रैन-बसेरों की भी विशेष चेकिंग करेंगी। डीजीपी गौरव यादव खुद मुहिम का आगाज करने के लिए लुधियाना पहुंचे। उनके साथ एडीजीपी जी. नागेश्वर राव भी मौजूद थे। यह ऑपरेशन बुधवार शाम 7:00 बजे तक चलेगा।
पुलिस के मुताबिक इस अभियान में कम से कम 75 फीसदी मुलाजिम शामिल किए गए हैं। डीजीपी ने बताया कि एडीजीपी/आईजीपी रैंक के अधिकारियों की निगरानी के अधीन पुलिस टीमों द्वारा रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंडों और बाजारों समेत भीड़भाड़ वाली सभी संवेदनशील सार्वजनिक स्थानों की बारीकी से चेकिंग की जा रही है।
स्पेशल डीजीपी (कानून व्यवस्था) अर्पित शुक्ला ने बताया कि इस ऑपरेशन के हिस्से के तौर पर आम जनता के लिए कम से कम असुविधा सुनिश्चित बनाते हुए अंतरराज्यीय और अंतर-जिला हाईटेक नाके लगाए गए हैं और राज्य में आने-जाने वाले वाहनों की व्यापक चेकिंग की जा रही है। सभी पुलिस कर्मचारियों को सख्त हिदायत की है कि वह इस दौरान हर व्यक्ति की तलाशी लें एवं उनके वाहनों की जांच करते समय उनके साथ विनम्रता से पेश आएं।
पुलिस टीमें अलग-अलग धार्मिक स्थानों गुरुद्वारों, मंदिरों, चर्चों और मस्जिदों में जाकर सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लेंगी और यह भी सुनिश्चित बनाएंगी कि सभी स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और यह अच्छी तरह से काम कर रहे हैं। लोगों में विश्वास पैदा करने के उद्देश्य से पुलिस टीमों द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला जा रहा है।