पंजाब के मुक्तसर के निवासी डॉ. नवदीप सिंह ने दिल्ली में सुसाइड किया है। डॉ. नवदीप सिंह वर्ष 2017 नीट परीक्षा में पूरे देश में टॉप किया था। वह दिल्ली से एमडी कर रहे थे। सोमवार को मुक्तसर में नवदीप सिंह का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
वर्ष 2017 में नीट परीक्षा में पूरे देश में टॉप करने वाले पंजाब के नवदीप सिंह ने दिल्ली में आत्महत्या की है। हालांकि परिजनों का आरोप है कि उनका बेटा सुसाइड नहीं कर सकता पुलिस मामले की गंभीरता से जांच करे।
विज्ञापन
दिल्ली की पारसी धर्मशाला में मृत पाए गए डॉ. नवदीप सिंह का सोमवार को मुक्तसर में अंतिम संस्कार कर दिया गया। परिवार इस घटना से काफी सदमे में है। डॉ. नवदीप का परिवार मुक्तसर की ग्रीन एवेन्यू कालोनी में रहता है। मृतक नवदीप के पिता गोपाल सिंह अध्यापक हैं। छोटा भाई अभी एमबीबीएस कर रहा है।
मृतक के पिता गोपाल सिंह ने बताया कि उसका बेटा मुक्तसर के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत था। वह दिल्ली में सात साल से रह रहा था। वह मौलाना आजाद मेडिकल कालेज से रेडियोलॉजी विभाग से एमडी कर रहा था। बेटे की मौत से हैरान हूं कि आखिर ऐसे कैसे हो गया।
विज्ञापन
गोपाल सिंह ने बताया कि वह रोजाना सुबह बेटे से फोन पर बात करते थे। शनिवार को सुबह बात हुई थी, लेकिन जब रात को फोन किया तो नवदीप ने फोन नहीं उठाया। उन्होंने गार्ड को फोन कर बोला तो उसने बताया कि दरवाजा अंदर से बंद है। पुलिस दरवाजा तोड़ कमरे में गई तो उनका बेटा मृत हालत में मिला।
गोपाल सिंह ने कहा कि बेटे को अगर कोई समस्या थी तो वह उनसे जरूर शेयर करता। मगर बेटे की आत्महत्या की खबर सुन कर यकीन नहीं हो रहा। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि नवदीप का मोबाइल फोन और लैपटाप कब्जे में लेकर गंभीरता से जांच की जाए और मौत के कारणों का पता लगाया जाए। क्योंकि इसके पीछे जरूर कोई कारण होगा। उनका बेटा आत्महत्या नहीं कर सकता।
गौरतलब है कि 2017 में नीट परीक्षा में नवदीप सिंह ने 700 में से 697 अंक लेकर देश में पहला रैंक हासिल किया था। जिससे वह देश भर में काफी चर्चा में रहा था। स्थानीय अकाल अकेडमी में दसवीं पास की और बारहवीं में उसने मुक्तसर के ही शिवालिक पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल से 88 फीसद अंक हासिल किए थे। उसके निधन से शहर में शोक की लहर है।