पटियाला। गांव अरनेटू के सरकारी प्राइमरी स्कूल के छह बच्चे वीरवार को मिड डे मील में मिले कढ़ी चावल को खाने के बाद बीमार पड़ गए। स्कूल प्रशासन की ओर से तत्काल डिस्पेंसरी से मेडिकल स्टाफ बुलाकर बच्चों को दवा दिलाई गई। इसके बाद बच्चों की हालत में कुछ सुधार आया और उन्हें घर भेज दिया गया।
गांव अरनेटू के सरकारी प्राइमरी स्कूल में करीब 250 बच्चे पढ़ते हैं। वीरवार को बच्चों को मिड डे मील में कढ़ी चावल परोसा गया। उसे खाने के बाद पहली व तीसरी क्लास के छह बच्चे बीमार पड़ गए। बच्चों को उल्टियां होने लगीं, जिससे स्कूल प्रशासन परेशान हो गया। उन्होंने तुरंत पास की डिस्पेंसरी से मेडिकल स्टाफ बुलाया और बच्चों का चेकअप करवाकर उन्हें दवा दिलाई। स्कूल इंचार्ज विनोद कुमार ने बताया कि दवा लेने के बाद बच्चों की हालत में सुधार आया, तो उन्हें घर भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि मिड डे मील खाने वाले बाकी किसी बच्चे ने उल्टी नहीं की। उन्होंने बताया कि स्कूल में पूरे साफ-सुथरे ढंग से मिड डे मील तैयार किया जाता है, बच्चों को ताजा खाना परोसा जाता है।