पटियाला के गांव धरहेड़ी के टोल प्लाजा के पास मंगलवार देर रात हुए सड़क हादसे में घायल युवक की वहां से गुजर रहे पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू ने मदद की। सिद्धू ने अपने स्टाफ की मदद से घायल युवक को उठाकर अपनी गाड़ी से उसे अस्पताल पहुंचाया। घायल युवक की जरूरी उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी हो गई है।
संबंधित पुलिस चौकी बहादुरगढ़ के इंचार्ज एएसआई अवतार सिंह ने बताया कि मंगलवार देर रात करीब साढ़े 10 बजे राजपुरा साइड से स्विफ्ट डिजायर कार में सवार होकर अमनजोत सिंह (26) निवासी सुखराम कालोनी पटियाला की तरफ आ रहा था। इसी बीच गांव धरहेड़ी के नजदीक टोल प्लाजा पर अचानक उसकी कार की ट्रक से टक्कर हो गई।
ट्रक चालक तो मौके से भाग गया। इसी बीच वहां से चंडीगढ़ से पटियाला की तरफ पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू जा रहे थे। घायल अमनजोत सिंह को देखकर सिद्धू रुके और उन्होंने अपने स्टाफ की मदद से घायल को अपनी गाड़ी से अस्पताल भिजवाया। घायल युवक को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया था। घायल युवक के परिवार वालों ने मामले में कोई कार्रवाई नहीं कराई।