पटियाला के थाना बख्शीवाला के अंतर्गत एक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार ग्रंथी व उनकी पत्नी की मौत हो गई। पुलिस ने बोलेरो गाड़ी के चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, जो वारदात के बाद फरार है।
जसवंत सिंह निवासी रतन नगर त्रिपड़ी ने पुुलिस को बताया कि उनकी भतीजी कर्मजीत कौर (35) व उसका पति रणजीत सिंह (40) निवासी बरनाला मोटरसाइकिल पर सवार होकर पटियाला के सरकारी माता कौशल्या अस्पताल में आ रहे थे।
दरअसल, कर्मजीत कौर का कुछ समय से उक्त अस्पताल में इलाज चल रहा था। रास्ते में पटियाला के गांव सिद्धूवाल के नजदीक एक तेज रफ्तार बोलेरो गाड़ी के चालक बलजिंदर दास निवासी गांव डंडोआ जिला पटियाला ने मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर घायल हो गए। कर्मजीत कौर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
हाईवे पर कार की टक्कर से साइकिल सवार दादा-पोते की मौत
बठिंडा-अमृतसर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव कलेर के पास एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से साइकिल सवार दादा-पोते की मौत हो गई। मृतकों की पहचान गांव कम्मेआना निवासी काला राम व उसके भाई के पौत्र हरमनदीप सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने मंगलवार को दोनों के शवों का फरीदकोट के मेडिकल कॉलेज अस्पताल से पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस को दिए बयान में कम्मेआना निवासी मक्खन लाल ने बताया कि दो दिन पहले रविवार को वह अपने पिता काला राम व ताये के पौत्र हरमनदीप सिंह के साथ गांव कोटसुखिया में अपनी रिश्तेदारी में मिलकर आ रहे थे। वह खुद अपनी साइकिल पर था, जबकि पिता की साइकिल पर हरमनदीप सिंह भी बैठा था।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव कलेर वाले मोड़ पर मुड़ते समय फरीदकोट की तरफ से आई तेज रफ्तार कार ने उसके पिता की साइकिल को टक्कर मार दी, जिसके कारण उसके पिता काला राम व हरमनदीप सिंह को गंभीर चोटें लगी और उन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दाखिल करवाया गया, जहां सोमवार रात दोनों की मौत हो गई। थाना सदर के एसएचओ इंस्पेक्टर पुष्पिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।