मोहाली। कोरोना काल में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को अब तपती धूप में भटकना नहीं पड़ेगा, बल्कि कंपनियां अब युवाओं को चुनने के लिए जिले में पहुंचेंगी। यह संभव होने जा रहा है जिला प्रशासन के प्रयास से। प्रशासन ने घर-घर रोजगार मुहिम के तहत 9 से 17 सितंबर तक जिले में चार जगह रोजगार मेले आयोजित करवाने का फैसला लिया है। इन रोजगार मेलों में कई नामी कंपनियां और बैंक युवाओं को चुनने के लिए पहुंचेंगे। रोजगार मेेलों में कोविड गाइडलाइन का पालन किया जाएगा। डीसी गिरीश दियालन की ओर से इसकी पुष्टि की गई और उन्होंने बताया कि इस संबंधी अधिकारियों की ड्यूटियां लगा दी गई हैं।
जिला प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक 9 सितंबर को सरकारी कॉलेज डेराबस्सी, 11 सितंबर को सीजीसी लांडरां, 14 सितंबर को रयात बहारा कॉलेज खरड़ और 17 सितंबर को फेज-6 के सरकारी कॉलेज मोहाली में मेला आयोजित किया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक रोजगार मेलों में कंपनियों की ओर से मौके पर ही युवाओं का चयन किया जाएगा। जिला रोजगार और कारोबार ब्यूरो के डिप्टी सीईओ मनजेश शर्मा ने बताया कि रोजगार मेलों में आईसीआईसीआई बैंक, स्वराज महिंद्रा एंड महिंद्रा, एचडीएफसी लाइफ, पुखराज हेल्थ केयर, जोमेटो और पेटीएम जैसी नामी कंपनियां आएंगी। उन्होंने कहा कि इन रोजगार मेलों में कोई भी युवा हिस्सा ले सकता है। डिप्टी डायरेक्टर डीबीईई मीनाक्षी गोयल ने उम्मीदवारों को बड़ी संख्या में इन रोजगार मेेेलों में हिस्सा लेने का न्योता दिया है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नौकरी पाने के लिए विभाग की वेबसाइट www.pgrkam.com पर रजिस्ट्रेशन करना होना पड़ेगा। वहीं, उक्त रोजगार मेलों संबंधी सभी तैयारियां कर ली गई हैं।