मोहाली। लांडरां-लखनौर सड़क पर गांव लखनौर पुल के पास एक कार की टक्कर से सरिए से लदे ट्रक का टायर बदल रहे ड्राइवर की मौत हो गई। वहीं ट्रक का क्लीनर और कार चालक भी जख्मी हो गए। मृतक की पहचान मोहम्मद अशरफ के रूप में हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस ने मृतक के भाई हनीफ मोहम्मद निवासी जम्मू-कश्मीर की शिकायत पर कार चालक प्रदीप वासी सेक्टर-77 के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि सहायक इंस्पेक्टर नैब सिंह ने की है।
जानकारी के अनुसार 23 जून रात साढ़े 11 बजे स्कोडा कार में प्रदीप लांडरां सड़क से होते हुए सेक्टर-77 आ रहे थे। इस दौरान कार जब लखनौर गांव पहुंची तो रफ्तार तेज होने के कारण अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टक्कर हो गई। इस दौरान ट्रक का टायर बदल रहे हनीफ मोहम्मद को कार ने चपेट में ले लिया। हादसे में ट्रक के चालक की मौत हो गई जबकि क्लीनर अमन को गंभीर चोटें आने के चलते अस्पताल में दाखिल करवाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।