जीरकपुर। एकेएस कॉलोनी में अब लोगों को पानी की किल्लत की वजह से परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा, बल्कि अब पहले से भी ज्यादा प्रेशर से पीने वाले पानी की सप्लाई मिलेगी। ये जानकारी शुक्रवार को वार्ड-30 में नगर काउंसिल की ओर से लाखों रुपये की लागत से लगाए जाने वाले नए ट्यूबवेल का उद्घाटन करते हुए नगर काउंसिल प्रधान उदयवीर सिंह ढिल्लों के साथ पार्षद नवतेज नवीं ने दी है। उनका कहना है कि इस नए ट्यूबवेल की मदद से एक दर्जन से अधिक कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को पीने वाले पानी की किल्लत नहीं होगी।
वार्ड-30 के पार्षद नवतेज नवीं की ओर से एकेएस कॉलोनी में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें काउंसिल प्रधान उदयवीर सिंह ढिल्लों विशेष रूप से उपस्थित हुए और नए लगाए ट्यूबवेल का उद्घाटन करते हुए शुभारंभ करवाया। प्रधान ढिल्लों ने बताया कि नगर काउंसिल के हाउस की बैठक के दौरान अलग-अलग वार्ड में लोगों को आ रही पानी की किल्लत को दूर करने के लिए आधा दर्जन से अधिक नए ट्यूबवेल लगाने के प्रस्ताव को पारित किया था। इससे पहले वार्ड-26 की स्वास्तिक विहार में नए ट्यूबवेल का निर्माण कार्य शुरू किया गया था और अब वार्ड-30 में नए ट्यूबवेल को लेकर निर्माण कार्य शुरू करवाया गया है। जबकि आने वाले दिनों में ट्यूबवेल का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद इसको चालू कर दिया जाएगा। पार्षद नवतेज ने बताया कि टयूबवेल पर 32 लाख रुपये की लागत आएगी। इसकी मदद से एकेएस, एकेएस-1 और 2, आशियाना कांप्लेक्स, न्यू डिफेंस कॉलोनी सहित एक दर्जन कॉलोनियों में पानी की किल्लत दूर होगी।