जीरकपुर। शहर में हर व्यक्ति बिजली कट से परेशान है। वहीं छत और पभात गांव में पूरी रात बिजली नहीं आई जिस कारण लोगों को जागकर रात काटनी पड़ी। वहीं दूसरी ओर जीरकपुर-पटियाला लाइट से लेकर बलटाना क्षेत्र के लोग पिछले तीन दिन से बिजली के कटों से परेशान हैं क्योंकि यहां नया 66 केवी ग्रिड लगाने का काम चल रहा है और इस क्षेत्र में तार डाले जा रहे हैं।
इस एरिया में रिहायशी एरिया के साथ बड़ी मार्किट भी है। पिछले तीन दिन से लगातर सुबह 9 से शाम 7 बजे तक कट लगाया जा रहा है। हालांकि बिजली विभाग सोमवार तक काम पूरा कर किया जाएगा। इस बारे में स्थानीय लोगों का कहना है कि इन कटों के बारे में तो बिजली विभाग को पता था तो उनको कोई दूसरा विकल्प देखना चाहिए था। बिजली दूसरी लाइन से चला देनी चाहिए ताकि लोग परेशान न होते।
क्या कहते हैं लोग
फ्रिज में पड़ा सामान हो रहा खराब
हम पिछले तीन-चार दिन से बिजली कट से परेशान हैं। फ्रिज में पड़ा दूध और सामान खराब हो गया है। हमें नुकसान हो रहा है। बिजली विभाग को चाहिए कि दूसरी लाइन से इंतजाम कर दिया जाए ताकि हमें नुकसान न हो। -राजेश जैन, दुकानदार
इनवर्टर भी 10 घंटे के कट से हुए बंद
एक दो घंटे का कट हो तो आदमी एडजस्ट कर लेता है लेकिन 10 घंटे का कट बहुत लंबा समय हो जाता है। इतने में तो सारे काम ठप हो जाते हैं। इनवर्टर आदि भी जवाब दे जाते हैं। -राज कुमार, स्थानीय निवासी
इतने दिन यदि रोज बिजली नहीं आएगी तो हमारी दुकानदारी तो ठप हो जाएगी। वैसे भी हम लोग कामकाज की वजह से परेशान हैं। बिजली विभाग को चाहिए कि एक-दो घंटे कट लगाए, नहीं तो कहीं और से इंतजाम किया जाए ताकि लोग परेशान न हों। -प्रतीक, दुकानदार
बिजली फ्री नहीं... कम से कम दे दो
भले बिजली फ्री न दो पर बिजली तो दो। घर में बच्चे और बुजुर्ग परेशान हो गए हैं। इनवर्टर भी खत्म हो गए हैं और मोबाइल भी बंद हो गए हैं। सरकार को इस ओर ध्यान देना चाहिए। -सुरभि गुप्ता, जीरकपुर निवासी
क्या कहते हैं अधिकारी
66 केवी ग्रिड का काम चल रहा है। इसका काम एक-दो दिन में पूरा हो जाएगा। एक-दो दिन की परेशानी जरूर हुई है लेकिन लंबे समय इसका फायदा लोगों को ही मिलेगा। -एचएस ओबराय, एक्सईएन पावरकॉम विभाग जीरकपुर