डेराबस्सी। शक्ति नगर में सरकारी कॉलेज की ओर जाने वाली सड़क पर चोरों ने दिनदहाड़े एक घर से करीब ढाई लाख रुपये नकदी और 14 तोला सोने के गहने चुरा लिए। घर की मालिकन गेट पर ताला लगाकर दुकान पर चली गई। दो घंटे बाद घर के मालिक पहुंचे तब तक चोर सब साफ कर चुके थे।
वार्ड नंबर 9 के मकान नंबर 1026 निवासी सुरिंदर मेहता ने बताया कि गुलाबगढ़ रोड पर उनकी करियाना की दुकान है। उनका बेटा कांवड़ यात्रा की तैयारी कर रहा था। इस कारण उसकी पत्नी करीब 12 बजे घर के मेन गेट पर ताला लगाकर दुकान पर चली गई। करीब डेढ़ बजे जब वह घर लौटा तो दरवाजा अंदर से बंद था। वह दीवार पर चढ़कर अंदर घुसा तो देखा कि सामान बिखरा पड़ा था और पीछे की दीवार की ग्रिल टूटी हुई थी।
उन्होंने बताया कि चोर पार्क से उनके घर के पिछली साइड से घर के अंदर घुसे। कमरे के अंदर सामान बिस्तर पर बिखरा पड़ा था। एक गोलक टूटी हुई थी जबकि दूसरी बच गई। इसके अलावा चोर ताला तोड़ने वाले उपकरण को भी वहीं छोड़ गए। घर के मालिक ने कहा कि उसे ऐसा लगता है कि जब वह घर पहुंचा तो चोर घर के अंदर थे इसलिए वे जल्दबाजी में अपने औजार और गोलक अंदर ही छोड़ गए। गनीमत रही कि घर के अंदर अलमारी में रखे चार लाख रुपये उनके हाथ नहीं लगे। घर के पीछे स्थित पार्क में लकड़ी का बाला दीवार के सहारे खड़ा था, जिस पर चढ़ कर चोरों ने ग्रिल तोड़ी और अंदर घुस गए। पार्क में चोरों द्वारा बनाए गए रास्ते पर सिक्के और चूड़ियां भी पड़े मिले हैं।
क्या कहते हैं अधिकारी
शिकायत मिलने के बाद टीम को मौके पर भेज दिया। जांच के बाद अब चोरों की तलाश शुरू कर दी गई है। -जसकंवल सिंह, थानाध्यक्ष डेराबस्सी