मोहाली। सेक्टर-88 स्थित पूरब अपार्टमेंट में तीन किराएदार बिना पुलिस सत्यापन के रह रहे थे। इनके मालिक के खिलाफ पुलिस ने डीसी के आदेशों के उल्लंघन के आरोप में मामला दर्ज करके आगामी जांच शुरू कर दी है। हालांकि इस मुहिम के दौरान 100 से अधिक लोगों को नोटिस जारी करके जवाब तलब किया है। मामले की पुष्टि सोहाना थाना प्रभारी गुरजीत सिंह ने की।
जानकारी के मुताबिक, सुरक्षा के मद्देनजर रविवार को सेक्टर-88 स्थित पूरब अपार्टमेंट में एक विशेष सर्च अभियान चलाया गया। डीएसपी सिटी-2 सुखजीत सिंह विर्क के नेतृत्व और सोहाना थाना प्रभारी गुरजीत सिंह की देखरेख में सुबह 6 से दोपहर 12 बजे तक सर्च अभियान जारी रहा। इस दौरान किराएदार का सत्यापन न करवा कर जिला मजिस्ट्रेट के आदेशों की अवहेलना करने वाले लोगों के खिलाफ सोहाना थाना पुलिस ने बनती कार्रवाई की। सोहाना थाना प्रभारी गुरजीत सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान थाना प्रभारी की अगुवाई में एक महिला इंस्पेक्टर सहित महिला टीम भी विशेष तौर पर सर्च अभियान में शामिल रही। यहां रहने वाले किराएदार के बारे में पूछताछ की गई। पुलिस टीम ने कई फ्लैट में जाकर चेकिंग की। पुलिसकर्मियों ने घरों के भीतर अलमारी व अन्य सामान को भी चेक किया। वहां रहने वाले किराएदारों का सत्यापन न करवाने वाले करीब 200 लोगों को इस विषय में नोटिस दिए गए। इसके साथ ही सर्च के दौरान ऐसे घर मिले जहां पिछले कई महीनों से किराएदार रह रहे हैं लेकिन उनका पुलिस सत्यापन नहीं करवायागया है।