मोहाली। पूर्व सेहतमंत्री एवं विधायक बलबीर सिंह सिद्धू ने शिअद-बसपा गठबंधन पर जुबानी हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कच्चा पक्का ही लग रहा है। यह एक कच्ची शादी की तरह है जो कभी भी टूट सकती थी। वह इस दौरान फेज-3बी1 में सामुदायिक केंद्र का नींव पत्थर रखने पहुंचे हुए थे। इस मौके पर करतारपुर साहिब कॉरिडोर को फिर से खोलने के संबंध में उन्होंने कहा कि इसमें पंजाब सरकार और मुख्यमंत्री का बहुत बड़ा योगदान है। क्योंकि यह हमारी धार्मिक भावनाओं से जुड़ा मामला है। जिसकी पंजाब सरकार लगातार केंद्र सरकार से मांग कर रही है। उन्होंने कॉरिडोर खोलने पर सहमति जताने के लिए प्रधानमंत्री का शुक्रिया अदा किया। दिल्ली में पराली जलाने से होने वाले प्रदूषण के बारे में पूछे गए एक सवाल पर उन्होंने कहा कि सिर्फ पराली जलाने से प्रदूषण नहीं फैल रहा है, बल्कि और भी कई कारण हैं। पंजाब दिल्ली से बहुत दूर है। उन्होंने कहा कि अगर दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल को किसानों से इतना नुकसान हो रहा है तो वह पंजाब क्यों भाग रहे हैं।
कांग्रेस के कुछ विधायकों के टिकट काटने को लेकर नवजोत सिंह सिद्धू के बयान पर पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने कहा कि अपने क्षेत्र में काम नहीं करने वाले विधायकों के टिकट काटे जा सकते हैं। मुख्यमंत्री चन्नी के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री को बड़ी जिम्मेदारी देने वाले बयान को लेकर विधायक सिद्धू ने कहा कि इसके बारे में मुख्यमंत्री चन्नी ही बेहतर बता सकते हैं।