मोहाली। बेस्टेक मॉल के बाहर और अजीजपुर टोल प्लाजा पर धरना लगाकर बैठे किसानों ने सोमवार सेक्टर-66 स्थित रेलवे स्टेशन पर धरना-प्रदर्शन किया। सुबह 10 से शाम 4 बजे तक चंडीगढ़ से अमृतसर और अमृतसर से चंडीगढ़ के लिए एक भी ट्रेन को रवाना नहीं किया गया।
जानकारी के मुताबिक, सेक्टर-66 स्थित रेलवे स्टेशन पर किसान नेता सुबह ही पहुंचने लगे थे। इसके बाद उन्होंने रेलवे ट्रैक के बीच में बैठकर धरना शुरू कर दिया और केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
किसान नेता गुरप्रीत सिंह धालीवाल, मनिंदर सिंह, लाभ सिंह, जगवंत सिंह, कृपाल सिंह सिआयूं आदि ने बताया कि जब तक केंद्र सरकार कृषि के नए तीनों कानूनों को रद्द नहीं कर देती तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा। दूसरी ओर, किसान संगठनों की ओर से मोहाली रेलवे स्टेशन पर लगाए धरने के कारण अमृतसर-चंडीगढ़ तक चलने वाली ट्रेनों को रेलवे विभाग की ओर से रद्द कर दिया गया।