मोहाली। जिले के गांवों में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लेने के लिए डीसी ईशा कालिया दफ्तर से बाहर निकलीं और गांवोें में जाकर वहां चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने गांवों के सरपंचों के साथ मुलाकात की और विकास कार्यों को लेकर आ रही परेशानियों के बारे में चर्चा की। वहीं, दूसरी ओर, जिले की डीसी ईशा कालिया को गांवों की गलियों में घूमता देख हर कोई दंग रह गया और उनकी इस छवि को लोगों ने सराहना की।
35 गांव को 6 कलस्टर में विभाजित करके जाना हाल
जानकारी के मुताबिक डीसी की ओर से कुल 35 गांवों को 6 कलस्टर में विभाजित किया गया है और यहां पर चल रहे कामों के बारे में चर्चा की। इन 6 कलस्टर में चोल्टा कलां, मलकपुर, बजहेड़ी, सकरूलापुर, घड़ूओं और इनके आसपास लगते गांवों में चल रहे विकास कार्यों को लेकर जानकारी हासिल की गई। इन गांव में विकास कार्यों में ज्यादातर काम गलियां-नालियां, निकासी के लिए नाले बनाना, खेल मैदान, सामुदायिक केेंद्र आदि से संबंधित हैं। इसके अलावा, अलग-अलग गांवों में करोड़ों रुपये की लागत से विकास कार्य होने अभी बाकी हैं। इनके प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं। इस दौरान डीसी ईशा कालिया ने विभिन्न गांवों में पहुंचकर वहां के सरपंचों से उनकी परेशानियों के बारे में जानकर उनकी समस्याओं का हल जल्द करवाने का भरोसा दिया।
इस मौके पर एडीसी डॉ. हिमांशु अग्रवाल के अलावा जिला पंचायत अधिकारी सुखचैन सिंह पापड़ा, सरपंच मीना कुमारी, सरपंच हरबंस सिंह, सरपंच सुखविंदर सिंह, कुलवंत सिंह त्रिपड़ी, सरपंच गुरविंदर सिंह, सरपंच मनजीत सिंह के अलावा पंच और अन्य लोग मौजूद रहे।