मोहाली। फेज-2 में निजी अस्पताल में ड्यूटी पर जा रही एक युवती से झपटमारी का मामला सामने आया है। बाइक सवार दो युवक अचानक आए और युवती से उसका वन प्लस मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। लेकिन युवती ने उनकी बाइक का नंबर नोट कर लिया है। युवती की शिकायत पर थाना फेज-1 की पुलिस ने दो अज्ञात झपटमारों पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि इलाके में लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी जा रही है। जल्द ही आरोपी काबू कर लिए जाएंगे।
पुलिस को दी शिकायत में फेज-2 निवासी तानिया चौधरी ने बताया कि वह मैक्स अस्पताल में नौकरी करती है। सोमवार सुबह करीब साढ़े 7 बजे वह पैदल अपनी ड्यूटी पर जा रही थी। जब वह बस्सी सिनेमा के पास पहुंची तो पीछे से बाइक सवार दो युवक अचानक आए और बाइक रोक कर उसके हाथ से उसका वन प्लस मोबाइल फोन झपटकर फरार हो गए। हालांकि उसने बाइक का नंबर नोट कर पुलिस को दे दिया है। अब पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज देख रही है और बाइक के नंबर के आधार पर उनकी पड़ताल शुरू कर दी है।