मोहाली। हरियाणा के जींद से एमएससी की पढ़ाई के लिए मोहाली आए युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस को शाहीमाजरा में कच्चे रास्ते पर युवक का शव मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर परिजनों को सूचित कर दिया गया है। मृतक की पहचान हरियाणा के जिला जींद के रहने वाले अंकित के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, एमएससी की पढ़ाई के लिए अंकित शनिवार शाम को मोहाली आया था और देर रात शाहीमाजरा में अचानक बेसुध होकर गिर पड़ा। दूसरी ओर रविवार सुबह एक राहगीर ने पुलिस को सूचना दी कि कोई युवक बेसुध अवस्था में पड़ा है और मुंह से झाग निकल रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच युवक को अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने अंकित का बैग खोलकर देखा तो उसमें से कई प्रतियोगी परीक्षाओं में भाग ले चुके आई कार्ड के अलावा प्रमाण पत्र मिले हैं।