मोहाली। केजरीवाल की ओर से उनकी बहन सिप्पी शर्मा से एक साल पहले किए गए वादे व राज्य में सत्ता में आने के बाद पीटीआई को नियमित करने के वादे की याद दिलाने के लिए शिअद रोष मार्च निकालेगा। यह बात रविवार को शिरोमणी अकाली दल के नेता सरदार बिक्रम सिंह मजीठिया ने रविवार को एयरपोर्ट रोड पर धरना लगाकर बैठे बेरोजगार पीटीआई टीचर्स के साथ मंच सांझा करते हुए कही।
पूर्व कैबिनेट मंत्री मजीठिया ने कहा कि सीएम केजरीवाल ने 23 अक्तूबर को इस जगह का दौरा किया था और सिप्पी शर्मा को एक भाई के रूप में आश्वासन दिया था कि सभी शारीरिक प्रशिक्षकों को आप सरकार बनने पर नियमित कर दिया जाएगा। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि सिप्पी शर्मा उसी वादे को याद दिलाने के लिए फिर से उसी टंकी पर चढ़ना पड़ा है। मजीठिया ने सिप्पी शर्मा से बात करते हुए परिस्थितियों के समझते हुए टंकी से नीचे उतरने का आग्रह किया व कहा कि यह बेहद चौंकाने वाली बात है कि आप सरकार ने यह कहकर मामले से पल्ला झाड़ लिया कि उसे 646 शारीरिक प्रशिक्षकों की सेवाओं की जरूरत नहीं है। मजीठिया ने आंदोलनकारी कर्मचारियों को आश्वासन देते हुए कहा कि अकाली दल केजरीवाल को वादे से मुकरने नहीं देगा और सीएम अरविंदर केजरीवाल और भगवंत मान द्वारा किए वादे के अलावा यह आप पार्टी के संयोजक द्वारा दी गई व्यक्तिगत प्रतिबद्धता का भी मुद्दा है।
आप ने पंजाबियों को मूर्ख बनाया
मजीठिया ने कहा कि आप पार्टी ने पहले पंजाबियों को मूर्ख बनाया और अब गुजरात और हिमाचल प्रदेश में भी ऐसा ही कर रही है। गुजरात और हिमाचल प्रदेश में मतदाताओं को बताया जा रहा है कि पंजाबियों से किए गए सभी वादे पूरे किए गए हैं जबकि सच्चाई आपके सामने है। न्याय की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के पास जाने वालों को बेरहमी से पीटा जा रहा है।