मोहाली। फेज-6 स्थित डॉ. बीआर आंबेडकर स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज को मेडिकल कमीशन से अनुमति मिलने के बाद अब जिला प्रशासन कॉलेज के पहले सेशन को शुरू करने की रणनीति में जुट गया है। डीसी ईशा कालिया ने इस मामले को लेकर कॉलेज के प्रबंधन और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कॉलेज का दौरा किया। साथ ही मेडिकल के बचे हुए कामों को पहल के आधार पर निपटाने का आदेश दिया है। डीसी ने कहा कि इस काम में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक डॉ. बीआर आंबेडकर स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में विद्यक सेशन 2021-22 के लिए 100 एमबीबीएस सीटों पर दाखिले के साथ शुरू हो जाएगा। डीसी ने बताया कि संस्था की सभी समीक्षा रिपोर्ट शानदार पाए जाने के बाद नेशनल मेडिकल कमीशन ने इसे मंजूरी दी है। उन्होंने कहा कि यह पंजाब के लिए बड़े सम्मान की बात है। 48 साल के लंबे इंतजार के बाद बाबा साहिब के नाम पर मेडिकल कॉलेज खोलने की मंजूरी मिली है। यह आम लोगों के लिए भी सम्मान की बात है। जिले के लोगों को अब बेहतर मेडिकल सुविधाएं आसानी से मिल पाएंगी। कॉलेज की ड्राइंग को देखते हुए डीसी ने कहा कि सभी सिविल और अन्य काम जल्द पूरे किए जाएंगे। जिससे नीट का नतीजा आने के बाद इस अकादमिक सेशन से कक्षाएं शुरू की जा सकें। उन्होंने कहा कि पार्किंग से जुड़े काम को तेजी से किया जाए। हॉस्टल के कमरे भी छात्रों के लिए जल्द तैयार किए जाए।
इस मौके पर कॉलेज की प्रिंसिपल भवनीत भारती ने बताया कि मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल के अभी 54 कमरे तैयार हैं, जो कि 100 छात्रों को अलॉट किए जाएंगे। एक कमरा दो छात्रों के लिए अलॉट किया जाएगा। अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल की मौजूदगी में डीसी ने फंडों की अलॉटमेंट के बारे में पड़ताल की। इस मौके पर एसडीएम हरबंस सिंह और तहसीलदार विकास शर्मा भी मौजूद रहे।