जीरकपुर। शहर में जगह-जगह से टूटी लिंक सड़कों पर बने गड्ढों की ओर नगर परिषद ध्यान नहीं दे रही है। नतीजतन सड़कों की हालत बिगड़ती जा रही है और यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों के साथ हादसा होने का खतरा बना रहता है। चंडीगढ़-अंबाला सड़क पर गांव सिंहपुरा को जाने वाली सड़क की हालत लंबे समय से खस्ताहाल बनी हुई है। इस सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढ़े नगर परिषद की नाकामी का आइना साफ दिखा रहे हैं और यह गड्ढे हादसों को न्योता दे रहे हैं।
इस बारे में गांव सिंहपुरा के निवासियों ने बताया कि जीरकपुर नगर परिषद पंजाब की अमीर परिषदों में शामिल है। यहां हर साल करोड़ों रुपये की आमदनी होती है। लेकिन फिर भी जीरकपुर विकास कार्यों में पिछड़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि गांव सिंहपुरा शहर का एक अहम गांव है। जहां गांव के अलावा कई रिहायशी सोसायटी बसी हुई हैं। लेकिन मुख्य मार्ग से गांव को जाने वाली सड़क की हालत काफी खस्ता हाल में है। लंबे समय से गांव के लोग इस सड़क की मरम्मत की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन नगर परिषद के अधिकारी इसको गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह सड़क गांव सिंहपुरा के अलावा वीआईपी रोड और गांव रामगढ़भुड्ढा को जोड़ती है। इस कारण रोजाना बड़ी संख्या में वाहन चालक इसका इसका इस्तेमाल करते हैं। लेकिन सड़क की खस्ता हालत होने के कारण उनको भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। इन गड्ढ़ों में लोगों के महंगे वाहन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। बारिश के दिनों में इन गड्ढ़ों में पानी भरने के कारण यह लोगों को दिखाई नहीं देते और यहां पर हादसों का खतरा बना रहता है। लोगों ने रोष प्रकट करते हुए कहा कि नगर परिषद की ओर से इस ओर ध्यान न देने के कारण ग्रामीणों ने अपने स्तर पर ही गड्ढ़ों में मिट्टी भरी थी। लेकिन यातायात ज्यादा होने के कारण मिट्टी निकलनी शुरू हो गई है और फिर से गड्ढ़े वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं।
टेंडर अलॉट कर दिए हैं, जल्द बनेंगी सड़कें
अभी बरसात का मौसम चल रहा है और ऐसे में सड़कें बनाने और मरम्मत का काम शुरू नहीं किया गया है। शहर की ज्यादातर सड़कों की मरम्मत के टेंडर अलॉट कर दिए गए हैं। जल्द ही इन सड़कों को बनाने का काम शुरू कर दिया जाएगा। - गिरीश वर्मा, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद, जीरकपुर।