डेराबस्सी। जीरकपुर के पीरमुच्छल्ला में पड़ती विक्टोरिया हाइटस सोसायटी में बीते दिनों दिनदहाड़े हुए लूट के मामले में पुलिस के हाथ इतने दिन बाद भी खाली हैं। एसएसपी हरचरन सिंह भुल्लर द्वारा जांच के लिए एसपी (इंवेस्टीगेशन) वरुण शर्मा के नेतृत्व में गठित 5 सदस्यों की एसआईटी भी मामले को सुलझाने में अब तक नाकाम रही है। वहीं वारदात के बाद इलाके के लोगों में दहशत है।
बीते दिनों सफेद रंग की एसेंट कार सवार चार हथियारबंद युवकों ने दिनदहाड़े पिस्तौल के बल पर सोने के गहनों के थोक व्यापारी राकेश वर्मा के फ्लैट में लाखों की नकदी और सोने के गहनों की लूट की थी। वारदात में इस्तेमाल की गई एसेंट कार पर फरीदकोट के एक ट्रक का फर्जी नंबर लगाया हुआ था, जिस कारण पहले एसआईटी को शक था कि पीड़ित राकेश वर्मा जो मूलरूप से फरीदकोट के रहने वाले हैं और लुटेरों की ओर से इस्तेमाल की गई कार पर फर्जी नंबर फरीदकोट का होने के कारण मामले के लिंक फरीदकोट के साथ जोड़ते नजर आ रहे था, परंतु पुलिस की ओर से लंबी जांच के बाद में राकेश वर्मा की किसी के साथ भी कोई रंजिश का सुराग नहीं मिला। दूसरा, परिवार ने किसी पर शक जाहिर नहीं किया है, जिस कारण पुलिस की फरीदकोट से मामले के तार जुड़ने की थ्यूरी फेल होती दिख रही है। इसके बाद पुलिस की जांच अब सोसायटी के सीसीटीवी में कैद लुटेरों की ओर से वारदात में इस्तेमाल की गई एसेंट कार पर आ टिकी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार लुटेरों की ओर से एसेंट की उस कार का प्रयोग किया गया है, जो मॉडल अब बंद हो गया है। पुलिस ह्यूंडई कंपनी से बीते सालों के दौरान एसेंट का उक्त मॉडल कार खरीदने वालों का डाटा निकलवा रही है जिससे पुलिस को कोई सुराग मिल सके। पुलिस विशेष तौर पर फरीदकोट के संबंधित क्षेत्र से उक्त मॉडल की कार खरीदने वालों का डाटा को पहले दे रही है ताकि इनमें से परिवार या राकेश वर्मा के परिचित व्यक्तियों की सूची से कोई सुराग मिल सके। पुलिस का मानना है कि यह किसी को नहीं पता था कि राकेश वर्मा सोने के गहनों की सप्लाई अपने घर से ही करते थे, जिस कारण पुलिस को शक है कि यह किसी भेदी व्यक्ति का कार्य है जिसको पता था कि राकेश वर्मा गहने अपने घर में रखता है। वारदात के समय राकेश वर्मा अपने दोस्तों के साथ फन सिटी घूमने गया था जिस बारे में लुटेरों को पहले से जानकारी थी कि अब घर में उसकी पत्नी अकेली रहती है।
बात करने पर ढकोली थाना प्रभारी इंस्पेक्टर दलबीर सिंह ने कहा कि पुलिस गहराई के साथ मामले की जांच कर रही है। उन्होंने दावा किया कि जल्दी लुटेरों को काबू कर लिया जाएगा।