रिश्वत लेते मार्केट कमेटी का सचिव गिरफ्तार
विजिलेंस ब्यूरो रेंज की रूपनगर यूनिट ने की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली।
विजिलेंस ब्यूरो रेंज ने मार्केट कमेटी के सचिव लखवीर सिंह मान को रंगे हाथ छह हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोपी को पकड़ने की पुष्टि विजिलेंस ब्यूरो के एसएसपी परमजीत सिंह विर्क ने की।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में अंकुश कक्कड़ आढ़ती लक्ष्मी ट्रेडर्स न्यू अनाज मंडी रूपनगर ने विजिलेेंस ब्यूरो को शिकायत दी थी। उसने बताया था कि अमृतपाल सिंह ऑक्शन रिकॉर्ड कुछ दिन पहले उसकी सब्जी मंडी रोपड़ स्थित आढ़ती की दुकान से उठाकर ले आया। साथ ही सचिव मार्केट कमेटी को उसे मिलने के लिए कहा था। जब वह मार्केट कमेटी के दफ्तर में पहुंचा तो सचिव लखवीर सिंह ने कहा कि अगर अपना काम शांतिपूर्ण चलाना चाहते हो तो दस हजार रुपये रिश्वत के रूप में देने होंगे। कुछ दिन बाद जब उसने बातचीत को तो आरोपी आठ हजार रुपये लेने को राजी हो गया। दो हजार रुपये उसने शिकायतकर्ता से उसी समय ले लिए। शिकायतकर्ता ने उसे बाकी रकम का इंतजाम करने की बात कहकर वहां से चला गया। इसके बाद उसने इस संबंध में विजिलेंस को सूचित किया। जिस पर कार्रवाई करते हुए विजिलेंस ने आरोपी को छह हजार रुपये लेते रंगे हाथों मार्केट कमेटी के दफ्तर से गिरफ्तार किया। एसएसपी पमरजीत सिंह विर्क ने बताया कि लोगों को रिश्वत व अन्य जानकारी देने के लिए आगे आना चाहिए। इसके लिए पंजाब विजिलेंस ब्यूरो के 1800 1800 1000 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।