नयागांव। नयागांव के दशमेश नगर में उस समय सनसनी फैल गई जब घर में सो रहे पुलिस वाले के एक परिवार को कुछ लोगों ने निशाना बनाने की कोशिश की और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घर में सो रहे परिवार के सदस्यों ने कोने में छिपकर किसी तरह से अपनी जान बचाई। हमलावरों ने घर के अंदर बरामदे से चार बार फायरिंग की। इस फायरिंग के दौरान दो गोलियां खिड़की, एक गोली दरवाजे और एक गोली दीवार को चीरते हुए निकली। गोलियों के चलने से मां और बेटा दोनों ंकाफी सहम गए। यह दोनों ही किसी हमलावर को देख नहीं सके। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो गए। घटना स्थल से पुलिस ने गोलियों के चार खोल बरामद किए हैं। हमले से परिवार की महिला इतनी ज्यादा सहम गई कि वह किसी को कुछ भी बताने की हालत में नहीं थीं। कुछ घंटे बाद थाना प्रभारी गुरवंत सिंह और डीएसपी ने घटनास्थल पर पहुंचकर आस पास के सीसीटीवी की फुटेज खंगाली। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज करके दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ छानबीन शुरू कर दी है। आरोपियों पर पुलिस ने आईपीसी की धारा 307 और आर्म्स एक्ट के अंतर्गत केस दर्ज किया है।
बाइक की नंबर प्लेट पर लगाई हुई थी मिटटी
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दिया है कि दो अज्ञात युवक बाइक पर सवार होकर आए। जिस बाइक पर यह दोनों आए उस बाइक की नंबर प्लेट पर आरोपियों ने मिट्टी लगा दी थी। जिसकी वजह से नंबर स्पष्ट नहीं हो पाया है।
पुलिस वाला वीआईपी ड्यूटी पर था
जांच पड़ताल करने के बाद पुलिस ने चार खोल बरामद करके उसको फोरेंसिक लैब में भेज दिया है। घर के मालिक रघबीर सिंह ने बताया कि वह पंजाब पुलिस में बतौर एसआई सचिवालय चंडीगढ़ में तैनात है। शुक्रवार को पीएम नरेंद्र मोदी के आगमन पर बठिंडा रैली में ड्यूटी के लिए गए थे। शनिवार सुबह 5.28 मिनट पर उनके पड़ोसी ने उन्हें फोन से सूचना दी कि उनके घर पर कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा जानलेवा हमला किया गया। इसके बाद उन्होंने तुरंत ही कंट्रोल रूम पर इसकी सूचना दी।
प्लानिंग के बाद दिया वारदात को अंजाम
सूत्रों के मुताबिक हमलावर कोई जानकार अपराधी हो सकता है। जो पंजाब पुलिस में बतौर एसआई तैनात रघबीर सिंह से रंजिश रखता हो। क्योंकि हमलावर इलाके के चप्पे चप्पे से वाकिफ थे। उन्होंने अपनी बाइक भी ठीक उसी जगह खड़ी की थी जहां से उन्हें भागने में ज्यादा आसानी हो। क्योंकि उक्त जगह से बाहर मेन सड़क पर जाने के लिए नजदीक एक ही रास्ता है और दूसरी ओर छोटी-छोटी गलियां है।