जीरकपुर के ढाकोली में स्थित ममता एनक्लेव के मकान नंबर 373 में बिजली गिरने से टूटा घर के बाहर खड़ी का
- फोटो : MOHALI
जीरकपुर। बरसात के दिनों में बिजली कहर बनकर कब किस पर गिर जाए कुछ नहीं कहा जा सकता। सोमवार को शाम 5 बजे भी ढकोली के ममता एनक्लेव में ऐसा ही हुआ। यहां बिजली गिरने से एक घर की छत में दरार आ गई, नीचे खड़ी कार के शीशे टूट गए और पड़ोसियों के सीसीटीवी कैमरे ब्लास्ट हो गए। हालांकि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन घरेलू बिजली उपकरण जलने की बात भी बताई जा रही है।
इस संबंधी मकान नंबर 373, ममता एनक्लेव ढकोली निवासी राकेश कुमार ने बताया कि वह शाम करीब साढ़े 5 बजे अपने घर की बालकनी में खड़े हुए थे और बाहर बारिश हो रही थी। इसी दौरान अचानक उनके घर की दूसरी मंजिल पर सीढ़ियों के लिए बनी मोउंटी पर बिजली आ गिरी। उसकी काफी तेज आवाज से वह बुरी तरह से डर गए और घर के दौड़ गए। इसके कुछ देर बाद जब उन्होंने घर की छत पर जाकर देखा तो मोउंटी में काफी दरार आ गई थी और नीचे घर के आगे खड़ी उनकी कार के शीशे भी टूटे हुए थे। इसके अलावा पड़ोसियों के मकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे भी ब्लास्ट हो गए थे, साथ ही बिजली के उपकरण भी जलने की बात बताई जा रही है।
राकेश कुमार ने बताया कि बिजली गिरने के बाद हमारी और पड़ोसियों के घर की बिजली गुल हो गई थी। जिसे ठीक करवाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वह मकान की पहली मंजिल पर अपने परिवार के साथ रहते हैं और ग्राउंड फ्लोर पर उनके माता-पिता और भाई भी साथ रहते हैं। इस हादसे में गनीमत यह रही कि किसी भी व्यक्ति का कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।