मोहाली/खरड़। मोगा की रहने वाली एक नाबालिग लड़की ने पुलिस कंट्रोल रूम में फोन करके अपनी एक पड़ोसन पर मोहाली में डांस का काम दिलाने के नाम पर मोहाली बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म और जिस्म फरोशी के धंधे में धकेलने का आरोप लगाया है। इस मामले में बलौंगी थाने की पुलिस ने आरोपी कमलदीप कौर निवासी बलौंगी, सुरिदर कुमार लाडी निवासी सेक्टर-70 पर दुष्कर्म, नौकर के रूप में किसी को बेचना और पॉक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही काबू कर लिया जाएगा
जानकारी के मुताबिक मंगलवार को एक नाबालिग लड़की खरड़ मोहाली सड़क पर स्थित केएफसी के पास बैठी रो रही थी। वहां स्थित टैक्सी स्टैंड के कुछ चालकों ने लड़की से रोने का कारण पूछा तो उसने बताया कि वह मोगा इलाके की रहने वाली है। वह पांचवीं फेल है। दो साल से डांस शो का काम कर रही है। पांच दिन पहले उसकी एक पड़ोसन ने उसे यह कह कर मोहाली बुलाया था कि वह उसे डांस के कार्यक्रमों में काम दिलवा सकती है। पीड़िता ने बताया कि वह उसके कहने पर मोगा से मोहाली आ गई तो उसकी पड़ोसन उसे एक फ्लैट में ले गई, जहां पर उसे दो दिन बड़े ही अच्छे तरीके रखा गया। फिर उसे कोई नशे की चीज पिला दी गई। जिससे वह नशे में रहने लगी। उसे उसकी पड़ोसन, जिसे वह भाभी कहती है, ने उसे एक व्यक्ति के साथ मिलवाया। जिसने उसे जिस्म फरोशी का धंधा करने के लिए कहा और उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता के अनुसार उस पर बुधवार को दोबारा धंधे पर जाने का दबाव डाला जा रहा था। लेकिन वह किसी तरह उस फ्लैट से निकल आई। इसके बाद टैक्सी स्टैंड के चालक उसे पुलिस स्टेशन ले गए। यहां पुलिस ने लड़की की पड़ोसन और उसके साथी को भी पूछताछ के लिए बुलाया। इस पर पूरे मामले की स्थिति साफ हो गई। इसके बाद जैसे ही यह मामला एसएसपी सतिंदर सिंह के ध्यान में आया तो उन्होंने इस मामले की जांच एसपी देहाती को सौंप दी और मौके पर डीएसपी खरड़ को भेजा गया। इस संबंधी डीएसपी खरड़ दीपक कुमार ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित लड़की के बयान दर्ज कर लिए हैं। वहीं, बलौंगी पुलिस स्टेशन के इंचार्ज राजपाल गिल ने बताया कि आरोपियों में एक महिला समेत दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।